लखनऊ: गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर सर्राफा कारोबारी से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ, अमृत विचार। खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसका साथी गोल्डी बराड का गुर्गा बताकर सर्राफा कारोबारी खुनखुन जी ज्वेलर्स के मालिक उत्कर्ष अग्रवाल से रंगदारी मांगने वाले गिरोह के दो सदस्यों को चौक पुलिस ने शुक्रवार को चारबाग स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों पिछले कुछ दिनों से शहर में छिपे हुए थे और वापस सुल्तानपुर भागने की फिराक में थे। गिरफ्तार किये गये आरोपियों की पहचान सुल्तानपुर जिले के थाना कोतवाली नगर अंतर्गत बघराजपुर निवासी विवेक यादव (19) और मोतियापुर थानांतर्गत शुकुलदुलेचा निवासी अमित यादव (21) के रूप में हुई है।
डीसीपी पश्चिम एस चन्नप्पा ने बताया कि गत मंगलवार सुबह करीब 11:35 बजे उत्कर्ष अग्रवाल के नंबर पर व्हाट्स एप कॉल करके दो युवकों द्वारा खुद को गायक सिद्धू मूसेवाला के हत्यारोपी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसका साथी गोल्डी बराड के गुर्गा बताकर 30 लाख रुपये रंगदारी की मांग की थी। मामले को लेकर उत्कर्ष ने चौक कोतवाली में गत बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
नौकरी की तलाश में बनने चले थे अपराधी, सिर मुड़ाते ही पड़े ओले
डीसीपी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कॉलर के नंबर को सर्विलांस पर लिया गया और लोकेशन ट्रेस की गई। लोकेशन पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को चारबाग स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों पूर्व में गाजियाबाद में प्राइवेट नौकरी करते थे, पर नौकरी छूट गई थी। फिलहाल बेरोजगार थे और नई जॉब की तलाश में थे। इसी दौरान अपराध की दुनिया में कदम रखने की सोंची। यह उनका पहला ही अपराध था और दोनों पकड़े गए।
जस्ट डायल से नंबर निकाल कर चले थे रंगदार बनने
चौक कोतवाली प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें पैसों की सख्त जरूरत थी। इसलिए उन्होंने जस्ट डायल से लखनऊ के प्रतिष्ठित व्यक्तियों के नंबर हासिल किये। खुनखुन जी ज्वेलर्स के मालिक उत्कर्ष अग्रवाल का नंबर प्राप्त कर व्हाट्स एप कॉल किया और 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि इसके बाद वे और किन-किन लोगों से रंगदारी मांगने की फिराक में थे।
