Karauli Baba: करौली बाबा के 120 अनुयायियों ने पुलिस को लिखे प्रार्थना पत्र, गलत शब्द के प्रयोग की शिकायतें
कानपुर में करौली बाबा के 120 अनुयायियों ने पुलिस को लिखे प्रार्थना पत्र।
कानपुर में करौली बाबा के 120 अनुयायियों ने पुलिस को लिखे प्रार्थना पत्र। बाबा के लिए गलत शब्द का प्रयोग व दरबार की मानहानि के विषय में शिकायतें की।
कानपुर, अमृत विचार। बिधनू के करौली बाबा के खिलाफ डॉक्टर से मारपीट का मुकदमा दर्ज होने के बाद लगातार कई अन्य आरोप बाबा के खिलाफ लगाए गए। आरोपों से घिरे करौली बाबा के 120 अनुयायियों ने शुक्रवार को पुलिस को शिकायती पत्र लिखा। अनुयायियों ने बाबा के साथ किए जा रहे व्यवहार को अभद्रतापूर्ण बताते हुए उसे समस्त भक्तों की मानहानि बताया।
नोएडा निवासी डाक्टर सिद्धार्थ चौधरी के साथ करौली बाबा उर्फ संतोष भदौरिया व उनके सेवादारों ने मारपीट की थी। बीती 19 मार्च को पुलिस आयुक्त बीपी जोगदंड के आदेश पर बिधनू थाने में बाबा करौली व उनके सेवादारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। एफआईआर होने के बाद चर्चा में आए करौली बाबा लगातार विवादों में घिरते जा रहे है। उनके खिलाफ झारखंड के युवक ने पिता को ढूंढने के बदले एक लाख रुपये लेने, एक पुलिसकर्मी ने इलाज के नाम पर लाखों रूपये लेने के बाद भी आराम न मिलने व बाबा के निजी सुरक्षागार्डों के ऊपर जनक सिंह ने पिस्टल तानकर मारपीट करने के आरोप लगाए।
.jpg)
बाबा के ऊपर लगाए गए आरोपों से आहत 120 अनुयायियों ने शुक्रवार को पुलिस को शिकायती पत्र लिखा। बाराबंकी से आए बाबा के अनुयायी अमरेश कुमार ने शिकायती पत्र में लिखा मैं करौली बाबा के दरबार का भक्त हूं, हमारे भगवान तुल्य गुरुदेव के साथ आतंकवादी जैसा व्यवहार और गलत शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे हमारी भावनाएं आहत है। गुरुदेव के प्रति अभद्रता पूर्ण व्यवहार के लिए डा सिद्धार्थ चौधरी पर व्यक्तिगत रूप से मानहानि का दावा करते है। हम आपसे विनती करते है कि उस पर जल्द से जल्द कार्रवाई करें। इसी प्रकार के करीब 120 प्रार्थना पत्र आश्रम में जमा किए गए। आश्रम सेवादारों के मुताबिक इन्हें जल्द ही पुलिस अधिकारियों को सौंपा जाएगा।
