अमरोहा: राज्यमंत्री संजय गंगवार ने कसा तंज, कहा- अखिलेश कब क्या बोल दें, कुछ पता नहीं
जिले के प्रभारी मंत्री ने अखिलेश और शिवपाल यादव पर साधा निशाना, सरकार के विकास कार्यों की दी जानकारी
लाभार्थी को चेक देते प्रदेश के गन्ना विकास व चीनी उद्योग राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार।
अमरोहा, अमृत विचार। प्रदेश के गन्ना विकास व चीनी उद्योग राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा है कि प्रदेश में जिस तरह से विकास की गंगा बही है तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास तथा सबका विश्वास की नीति को लेकर प्रदेश सरकार ने कार्य किए हैं। उससे विपक्ष बेचैन है। जिसके चलते ही अजीब बयान दिए जा रहे हैं।
जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार कलेक्ट्रेट में कहा कि लगभग छह वर्ष में प्रदेश की डबल इंजन की भाजपा सरकार ने जो विकास कार्य कराए हैं। समाज के सभी वर्गों के लिए योजनाएं लागू की हैं। उसका नतीजा है कि प्रदेश की जनता योगी सरकार की नीतियों की सराहना कर रही है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता रद होने पर दिए गए बयान की बाबत मालूम करने पर उन्होंने कहा कि अखिलेश कब क्या बोल जाएं, किसी को पता नहीं है।
उन्होंने इशारों में कहा कि एक बेटे से उसकी मां परेशान है जबकि एक बेटे से उसके पिता परेशान रहते थे। प्रदेश सरकार की नीतियों के बारे में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव की टिप्पणी के बारे में उन्होंने कहा कि जनता ने वर्ष 2014, 2017, 2019 व 2022 में ऐसे नेताओं को जवाब दे दिया है।
आने वाले वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भी जनता उन्हें माकूल जवाब देगी। इस मौके पर जिला अध्यक्ष डॉ. ऋषिपाल सिंह नागर, धनौरा विधायक राजीव तरारा, हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, पूर्व लोकसभा सांसद चौधरी कंवर सिंह तंवर, पूर्व विधायक संगीता चौहान, शशि जैन, अभिनव कौशिक के साथ ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा : सरिया के हाईटेंशन लाइन से टकराने से युवक की मौत
