मुरादाबाद : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने निकाला पथ संचलन, भारतीय कालगणना का बताया महत्व
मुरादाबाद,अमृत विचार। महानगर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को पथ संचलन निकाला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भारतीय नव वर्ष को अपने प्रमुख उत्सव के रूप में मनाता है। पूर्ण गणवेश में संघ के स्वयंसेवकों ने 24 स्थानों पर पथ संचलन निकाला।
पथ संचलन का शहर में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। वक्ताओं ने भारतीय कालगणना का महत्व बताया। कहा कि विश्व में जितने भी कैलेंडर हैं उनमें केवल भारतीय कैलेंडर ही प्रमाणिक और वैज्ञानिक है। केवल भारतीय पंचांग के द्वारा ही बता सकता कि किस दिन चंद्र ग्रहण या किस दिन सूर्य ग्रहण होगा। लेकिन, भारतीय संस्कृति को नष्ट करने के लिए अंग्रेजी सरकार में एक योजना के तहत लॉर्ड मैकाले ने 1850 में एक सर्वे कराया। जिसमें उत्तर भारत में 97 प्रतिशत साक्षरता एवं दक्षिण भारत में शत प्रतिशत साक्षरता की रिपोर्ट आई।
लार्ड मैकाले ने भारतीय शिक्षा पद्धति का अध्ययन किया तो पता लगा कि भारत में 7,32,000 गुरुकुल हैं, जिनमें 18 विषयों की वर्तमान उच्च शिक्षा दी जाती है। उस समय देश के अंदर 7,50,000 गांव के यानी लगभग एक गांव में एक गुरुकुल का औसत था। लार्ड मैकाले ने इन सभी गुरुकुलों को अवैध घोषित कर दिया और 1858 में इंडियन एजुकेशन एक्ट लागू कर उनको बंद करा दिया। अंग्रेजी शिक्षा को कानूनी घोषित किया गया। वर्तमान में यह अवसर है कि हम अपनी संस्कृति पर गर्व करें और इसको हर घर-घर में पहुंचाएं। हिंदू नववर्ष के स्वागत में प्रकृति अपना सौंदर्य प्रदर्शित करती है खेत हरे-भरे पुष्पित-पल्लवित होते हैं। इस अवसर पर युवाओं का आह्वान कि वह अपनी संस्कृति पर गर्व करें और प्रत्येक घर में अपनी संस्कृति को पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर प्रांत व्यवस्था प्रमुख अजय गोयल सुगंध, विभाग प्रचारक वतन कुमार, विभाग संघचालक ओम प्रकाश शास्त्री, विभाग प्रचार प्रमुख पवन कुमार जैन, महानगर संघचालक डॉ. विनीत गुप्ता, महानगर कार्यवाह सुरेंद्र पाल सिंह, महानगर प्रचारक विवेक कुमार, संदीप सिंघल, कमलकांत राय, देवेश सिंह, विपिन चौधरी, अनिल कुमार, विकास गोयल, दिनेश गुप्ता, डॉ. महेन्द्र, शरद जैन, मयंक, सुभाष कत्याल, राहुल जैन, गोपाल टंडन, उम्मेद राज पुरोहित, अमन जैन, विवेक गुप्ता, अर्जुन अग्रवाल, सौरभ गर्ग, नमन जैन, बाल स्वयंसेवक इवान जैन आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : सीए हत्याकांड : हत्यारोपियों के सामने पुलिस का समर्पण, कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
