राहुल गांधी की सदस्यता जाने से भड़केगी और आग, योगी सरकार 2.0 का एक वर्ष पूरा होने पर सपा सांसद बर्क ने दी प्रतिक्रिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सपा सांसद ने कहा है कि सीएम योगी के कारनामे सभी के सामने हैं, मुख्यमंत्री ने एक साल में क्या किया है ये जगजाहिर है

संभल, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने योगी सरकार 2.0 का एक वर्ष पूरा होने पर उत्तर प्रदेश को महोत्सव का प्रदेश बताए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला है। सपा सांसद ने कहा है कि सीएम योगी के कारनामे सभी के सामने हैं। मुख्यमंत्री ने एक साल में क्या किया है ये जगजाहिर है। उन्होंने कितने बुलडोजर चलवाए है। कितने लोगों को सजा दी है। वह खुद ही पकड़ते हैं और खुद ही बुलडोजर चलवा कर सजा देते हैं। सीएम योगी कानून को नहीं मानते। 

सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने भाजपा पर निशाना साधते हुए यह भी कहा, सीएम योगी ने सारी ताकत अपने हाथ में लेकर कोर्ट की ताकत भी अपने हाथ में ले रखी है, जो की सही नहीं है। देश को चलाने के लिए कानून का पालन होना चाहिए।

दीपा सराय स्थित अपने आवास पर सपा सांसद बर्क ने राहुल गांधी को दो साल की सजा और संसद की सदस्यता रद्द किए जाने के मामले में अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सजा के फैसले और संसद सदस्यता रद्द किए जाने से लोगों में आग ठंडी नहीं होगी। 2024 का चुनाव नजदीक है। इस मामले से लोगों के जज्बात की आग और भड़केगी।  इससे उन्हें यह समझना चाहिए कि यह तरीका ठीक नहीं है। जिस तरह से वह इस मुल्क को चलाना चाहते हैं, मुल्क पर कब्जा करना चाहते हैं, मैं समझता हूं कि देश सबका है, पूरे हिंदुस्तान के बच्चे इस देश के हैं. सब उसके मालिक हैं। सपा सांसद बर्क ने सूरत सेशन कोर्ट के फैसले पर सवाल भी उठाया। 

ये भी पढ़ें :  संभल: दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, पति समेत चार पर रिपोर्ट

संबंधित समाचार