Kanpur Dehat : मामूली बात पर गुस्साए युवकों ने पुलिस कर्मियों को पीटकर फाड़ी वर्दी, दस पर केस दर्ज
कानपुर देहात में युवकों ने पुलिस कर्मियों को पीटकर वर्दी फाड़ी।
कानपुर देहात के डेरापुर में मामूली बात पर गुस्साए युवकों ने पुलिस कर्मियों को पीटकर वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने दो नामजद व आठ अज्ञात पर केस दर्ज किया है।
कानपुर देहात, अमृत विचार। डेरापुर थाना क्षेत्र में अचानक सड़क पार करने से मना करने पर युवकों ने पवन मोबाइल के पुलिस कर्मियों से मारपीट कर वर्दी फाड़ दी। पुलिस ने दो नामजद व आठ अज्ञात के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, मारपीट, सेवन क्रिमिनल एक्ट समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
रूरा थाने के पवन मोबाइल के सिपाही गौरव कुमार व भूपेंद्र सरकारी काम से कहीं जा रहे थे। जब वह डेरापुर थाना क्षेत्र के जिगनिस गांव के शराब ठेके के पास पहुंचे। उसी दौरान जिगनिस गांव निवासी अखिलेश दीक्षित व अनुराग अचानक से सड़क पार करने लगे। जिससे दुर्घटना होते बच गई। मामले में पवन मोबाइल कर्मियों ने दोनों युवकों को डांट दिया। इससे नाराज अखिलेश व अनुराग ने दोनों सिपाहियों को जमकर पीट दिया। विरोध करने पर गांव के लोगों को बुला लिया और मारपीट कर सिपाहियों की वर्दी फाड़ दी।
दोनों किसी तरह जान बचाकर भागे और सूचना रूरा थाना, डेरापुर थाना व एसपी को दी। एसपी के निर्देश पर पुलिस सक्रिय तो आरोपी भाग निकले। सिपाही गौरव ने मामले की तहरीर डेरापुर थाने में दी। थाना प्रभारी आदेश चंद्र ने बताया कि मामले में दो नामजद व आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ सिपाहियों से मारपीट, सरकारी काम में बाधा समेत अन्य आरोपों में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
