बरेली: सप्ताह में चार दिन ही संचालित होगी बरेली-दिल्ली फ्लाइट, समर शेड्यूल भी लागू
एलाइंस एयर ने नया शेड्यूल जारी किया, संचालन में तीन दिन कम किए
बरेली, अमृत विचार। गर्मी शुरू होने के साथ स्कूलों के खुलते ही एयरलाइंस कंपनियों ने फ्लाइटों के संचालन के दिनों में कमी शुरू कर दी है। समर शेड्यूल के साथ एलाइंस एयर ने रेगुलर संचालित हो रही बरेली-दिल्ली फ्लाइट के दिनों में भी कटौती कर दी है।
एयरपोर्ट के सूत्रों ने बताया कि अब दिल्ली फ्लाइट मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को ही संचालित हाेगी। बुधवार, सोमवार और शुक्रवार को फ्लाइट संचालित नहीं होगी। इसकी टाइमिंग में भी बदलाव हुआ है। अब यह फ्लाइट दिल्ली से दोपहर 1.15 बजे उड़ान भरकर 2.20 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके साथ 30 मिनट रुकने के बाद दोपहर 2.50 बजे यहां से उड़ान भरकर 3.55 बजे दिल्ली पहुंचेगी। समर शेड्यूल एलाइंस एयर की बुकिंग वेबसाइट पर भी अपडेट कर दिया गया है।
एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि इंडिगो की मुंबई फ्लाइट के संचालन में भी एक दिन कम किया गया है। अब मुंबई फ्लाइट सोमवार को संचालित नहीं होगी। मुंबई फ्लाइट सप्ताह में रविवार, बुधवार और शुक्रवार को ही संचालित होगी। जयपुर फ्लाइट की वजह से सोमवार का दिन मुंबई से कम किया गया है। इंडिगो ने भी समर शेड्यूल जारी कर दिया है। मुंबई की फ्लाइट बरेली से अब दोपहर 2.25 बजे उड़ेगी और बेंगलुरू की फ्लाइट अब 2.20 बजे उड़ान भरेगी। इंडिगो ने 26 मार्च से लेकर 30 अप्रैल तक समर शेड्यूल जारी कर दिया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: 3.15 लाख लूटने की पुलिस ने नहीं लिखी रिपोर्ट, पीड़ित पहुंचा डीएम दरबार
