लखनऊ: अब लापरवाही पर जिम्मेदार होंगे अधिकारी, लंबित प्रकरणों पर मंडलायुक्त ने जताई नाराजगी
अमृत विचार, लखनऊ। रजिस्ट्री के लंबित प्रकरणों पर मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने नाराजगी जताई। नागरिक सुविधा दिवस में आई शिकायतों का हवाला देकर कैंप लगाकर तीन दिन में निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही मिलने पर स्तर-1 व 2 के अधिकारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बुधवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण में मंडलायुक्त ने प्रवर्तन व विकास कार्यों की समीक्षा की। जिसमें मंगलवार को आयोजित हुए नागरिक सुविधा दिवस में आए सबसे अधिक रजिस्ट्री के लंबित प्रकरणों पर नाराजगी जताई। उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी व सचिव पवन कुमार गंगवार को निर्देश दिए किए विशेष रजिस्ट्री कैंप लगाकर तीन दिन में निबंधन कराएं। कैंप शुरू होने से पहले सभी योजनाओं का लीज प्लान व अन्य कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। प्राधिकरण में सिंगल विंडो सिस्टम बनाएं और 15 अप्रैल से विशेष रजिस्ट्री कैंप शुरू करें। अफसरों को चेतावनी दी कि अगर अब कार्य में लापरवाही उजागर हुई तो स्तर-1 व 2 के अधिकारी जिम्मेदार होंगे। आईसीएमएस एप पर आई बिना मानचित्र निर्माण की शिकायतों व विहित न्यायालयों में लंबित वादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें। इसी तरह प्लाटिंग, रो-हाउस भवन, होटल व व्यवसायिक निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाएं। अप्रैल 2022 से मार्च 2023 तक सीलिंग आदेश व की गई कार्रवाई का फोटो समेत ब्योरा उपलब्ध कराएं। बैठक में अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा, वित्त नियंत्रक दीपक सिंह, मुख्य अभियंता अवधेश तिवारी, अधीक्षण अभियंता आदि रहे।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: केंद्रीय सिल्क बोर्ड-केंद्रीय तसर अनुसंधान के साथ मिलकर सीमैप करेगा शोध
