UP Nikay Chunav: पलट गया पूर्व में किया गया आरक्षण, सूची जारी 

अनारक्षित हुआ नगर निगम, कुमारगंज और कामाख्या भवानी नगर पंचायत, रुदौली नपाप पिछड़ा वर्ग, गोसाईगंज नगर पंचायत पिछड़ा वर्ग महिला

UP Nikay Chunav: पलट गया पूर्व में किया गया आरक्षण, सूची जारी 

अमृत विचार, अयोध्या। सुप्रीम कोर्ट द्वारा प्रदेश में निकाय चुनाव को हरी झंडी दिए जाने के बाद ही निकाय चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई थी। इसी क्रम में शुक्रवार देर शाम शासन की ओर से निकायों के अध्यक्ष की आरक्षण सूची जारी होने के बाद बड़े-बड़े पांसे पलट गए। जारी सूची के तहत जिले के लगभग सभी निकाय क्षेत्रों में पहले किया गया आरक्षण पूरी तरह से पलट गया है।
     
पूर्व में किए गए आरक्षण के तहत नगर निगम पहले सामान्य महिला के रूप में आरक्षित था अब अनारक्षित हो गया है। इसके चलते यहां कांटे की टक्कर के आसार बढ़ गए हैं। वहीं नगर पालिका परिषद रुदौली पहले सामान्य थी अब पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित की गई है। इसी तरह गोसाईगंज नगर पंचायत पहले अनारक्षित अब पिछड़ा वर्ग महिला हो गई है। इसी तरह नगर पंचायत कुमारगंज पिछड़ा वर्ग आरक्षित थी जिसे अब सामान्य किया गया है। वहीं बीकापुर नगर पंचायत अनारक्षित महिला घोषित हुई थी अब पूरी तरह से अनारक्षित हो गई है। नगर पंचायत मां कामाख्या पहले पिछड़ा वर्ग महिला में आरक्षित की गई थी अब अनारक्षित श्रेणी में निर्धारित की गई है। इसी तरह नगर पंचायत खिरौनी अनुसूचित जाति महिला की गई है। 

ऋषिकेश और राजन पांडेय की दावेदारी मजबूत 
नगर निगम अयोध्या से निवर्तमान महापौर ऋषिकेश उपाध्याय और कुमारगंज में राजन पांडेय की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। निकाय चुनाव को लेकर निगम और नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों के आरक्षण निर्धारित होने के बाद चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आरक्षण घोषित होने के बाद से ही सभी दावेदारों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है।

अप्रैल में हो सकती है चुनाव की घोषणा
नगर निकाय चुनावों को लेकर चल रही लंबी बहस अब समाप्त होने के कगार पर है। प्रस्तावित आरक्षण सूची के जारी होने के बाद चुनाव पर मंडरा रहे संकट के बादल छट गए है। राजनीतिक गलियारों में चल रही हलचल से अंदाजा लगाया जा रहा है कि अप्रैल में निकाय चुनावों की घोषणा हो सकती है।


ये भी पढ़ें - नगर निकाय की आरक्षण सूची जारी, 17 नगर निगमों में मेयर की 9 सीटें आरक्षित