टनकपुर: मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। चम्पावत जिले में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण के लिए शासन द्वारा लगातार धनराशि आवंटित की जा रही है। शासन द्वारा जिले के दो स्थानों में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण के लिए 782.63 लाख (7 करोड़ 82 लाख 63 हजार रुपये की  प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति के साथ ही 40 प्रतिशत धनराशि वित्तीय वर्ष 2022-23 में रुपये 313.05 लाख (3 करोड़ 13 लाख पांच  हजार रुपये जारी किए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जनपद चम्पावत को एक मॉडल जिला बनाए जाने के लिए संकल्प लिया गया है ताकि इसी मॉडल जिले के अनुरूप प्रदेश के अन्य जनपदों का भी विकास किया जा सके। जनपद चम्पावत जिला मॉडल जिले की ओर निरंतर अग्रसर है जिले में विभिन्न स्तर पर लगातार  नए विकास कार्य हो रहे हैं।
   

इधर  जिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह भण्डारी ने बताया कि जिले में पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाए जाने के लिए विभिन्न स्थलों में पार्किग निर्माण के लिए जिला स्तर से भेजे गए प्रस्तावों पर शासन से प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने के साथ ही धनराशि प्राप्त हो रही है।
   

इसी क्रम में उत्तराखंड शासन से जनपद चम्पावत अंतर्गत नगरपालिका परिषद लोहाघाट में स्थित गैस गोदाम स्थित भूमि पर मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण के लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष में 114.76 लाख रुपये तथा जनपद  चम्पावत अंतर्गत टुन्यास, मां पूर्णागिरि धाम में पर्यटक आवास गृह की भूमि में मल्टीस्टोरी पार्किग निर्माण के लिए 198.29 लाख रुपये, दोनों स्थानों में पार्किंग निर्माण के लिए कुल 313.05 लाख (तीन करोड़ तेरह लाख पांच हजार) रुपये की धनराशि  प्राप्त हो गई है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही कार्यदाई संस्था कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा निर्माण कार्य की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।

संबंधित समाचार