टोल के चक्रव्यूह में तीन तरफ से होगी बरेली वासियों की घेराबंदी
पीलीभीत रोड पर भी जुलाई से देना होगा टोल टैक्स, रिठौरा और हाफिजगंज के बीच बन रहा है एक और प्लाजा
महिपाल गंगवार/बरेली, अमृत विचार। टोल टैक्स के चक्रव्यूह में बरेली के लोग इसी साल तीन तरफ से घिर जाएंगे। फरीदपुर में बने टोल प्लाजा पर एनएचएआई के अफसर इसी सप्ताह टैक्स की वसूली शुरू करने की तैयारी में हैं तो दूसरी तरफ तेजी से पीलीभीत रोड पर टोल प्लाजा का निर्माण कराया जा रहा है जो जून तक तैयार हो जाने की उम्मीद है। जुलाई से यहां भी टोल टैक्स की वसूली शुरू कर देने का लक्ष्य है।
अब तक बरेली के लोग सिर्फ दिल्ली रोड पर फतेहगंज पश्चिमी में बने टोल प्लाजा पर टैक्स दे रहे थे। पीलीभीत रोड के हाल ही में रिन्यूवल के साथ हाफिजगंज और रिठौरा के बीच टोल प्लाजा का निर्माण शुरू कराया गया था जो जल्द ही पूरा हो जाने की संभावना है। पिछले साल पूरनपुर (पीलीभीत) के सराय सुंदरपुर में टोल प्लाजा शुरू करने के बाद से ही एनएचआई ने रिठौरा और हाफिजगंज के बीच टोल प्लाजा बनाने की तैयारी शुरू कर दी थी। इसी के बाद मिनी बाईपास से पीलीभीत तक काफी समय से जर्जर पड़ी सड़क दुरुस्त कराई गई थी। प्रोजेक्ट डायरेक्टर बीपी पाठक ने पुष्टि की है कि जुलाई से पीलीभीत रोड पर टोल प्लाजा शुरू कर दिया जाएगा।
नौकरीपेशा दैनिक यात्रियों पर पड़ेगी मार, फिलहाल टू लेन सड़क इसलिए 60 फीसदी कम होगा टैक्स
पीलीभीत रोड पर टोल प्लाजा शुरू होने का नौकरीपेशा और दैनिक यात्रियों पर सबसे ज्यादा मार पड़ेगी। बसों का किराया भी बढ़ने की आशंका है। दरअसल, बरेली ही नहीं बल्कि बदायूं के भी तमाम नौकरीपेशा लोग पीलीभीत से रोज आवागमन करते हैं। इन लोगों को जेब ढीली करनी पड़ेगी। बदायूं से बरेली होते हुए पीलीभीत की दूरी सौ और बरेली से 50 किलोमीटर है। दोनों ही जिलों से सैकड़ों सरकारी कर्मचारी रोज निजी या किराए के वाहनों से पीलीभीत पहुंचते हैं। हालांकि चूंकि यह सड़क फिलहाल टू लेन है, इसलिए इस पर टोल की दरें 60 फीसदी कम होंगी।
लखनऊ हाईवे : फरीदपुर टोल प्लाजा की दरें निर्धारित
लखनऊ हाईवे पर फरीदपुर में बने टोल प्लाजा को इसी सप्ताह शुरू करने की तैयारी के साथ उसकी दरें भी तय कर दी गई हैं। प्रोजेक्ट डायरेक्टर बीपी पाठक के मुताबिक फिलहाल 65 किमी मार्ग का टोल लिया जाएगा। भविष्य में रोजा बाईपास भी इस मार्ग में जुड़ जाएगा तो पांच किलोमीटर का टोल और देना पड़ेगा। फिलहाल फरीदपुर टोल प्लाजा पर कार/ वैन से 100, लाइट कामर्शियल व्हीकल से 160, दो एक्सल वाले ट्रक-बस से 340, तीन एक्सल वाले कॉमर्शियल वाहन से 370, चार से छह एक्सल तक के भारी वाहन से 530, सात एक्सल और उसे बड़े वाहन से 645 रुपये एक बार गुजरने पर वसूले जाएंगे।
बरेली से लखनऊ तक हो जाएंगे तीन टोल प्लाजा
फरीदपुर टोल प्लाजा शुरू होने के बाद बरेली से लखनऊ तक तीन टोल प्लाजा पर टैक्स चुकाना पड़ेगा। इसमें एक बरेली-शाहजहांपुर के बीच फरीदपुर में होगा। शाहजहांपुर से सीतापुर तक कोई टोल प्लाजा अभी नहीं है। सीतापुर से लखनऊ तक दो टोल प्लाजा हैं। इनमें एक खैराबाद में है जो सीतापुर जिले में पड़ता है और दूसरा इटौंजा में हैं, जो लखनऊ में पड़ता है।
ये भी पढ़ें- बरेली सिटी समेत 22 रेलवे स्टेशनों पर खुलेंगे जेटीबीएस सेंटर
