मुरादाबाद : पूर्व प्रमुख के सीने में दफन दो हत्याओं के राज पर पुलिस की नजर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जांच...पूर्व प्रमुख को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस, श्वेताभ व कुशांक की हत्या के कारणों की होगी खोज

मुरादाबाद, अमृत विचार। दो सनसनीखे हत्याकांड का पर्दाफाश करने के बाद भी पुलिस की बेचैनी कम नहीं हुई है। पुलिस की नजर मूंढापांडे के पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक के सीने में दफन राज पर गड़ी है। दो हत्याओं के राजदार को रिमांड पर लेकर पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि आखिरकार दोनों व्यवसायियों से पूर्व प्रमुख की कौन सी अदावत थी। एक साल के भीतर दो परिवारों के महत्वपूर्ण व प्रमुख सदस्यों की जान लेने के पीछे पूर्व प्रमुख की असल मंशा क्या रही? सवालों का जवाब पाने की कोशिश में पुलिस जल्द ही कोर्ट में रिमांड की अर्जी दाखिल करेगी। 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने तीन दिनों के भीतर दो ब्लाइंड मर्डर का पर्दाफाश किया। दोनों बहुचर्चित हत्याओं का राजफाश करते हुए एसएसपी ने दावा किया कि दोनों ही घटनाओं की व्यूह रचना मूंढापांडे के पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक ने की। एसएसपी ने यह भी बताया कि सीए श्वेताभ तिवारी व स्पोटस सामान के कारोबारी कुशांक गुप्ता के सिर में गोली मारकर दोनों को मौत के घाट उतारने वाला शूटर केशव सरन शर्मा है। शातिर व बेहद चालाक केशव ने पूर्व प्रमुख के इशारे पर दोनों घटनाओं को अंजाम दिया। दोनों ही घटनाओं में हरथला निवासी खुशवंत सिंह ने बाइक चालक की भूमिका निभाई।   

महानगर को दहलाने वाले दोनों ही खून में केशव सरन शर्मा व खुशवंत सिंह पूर्व ब्लाक प्रमुख के साथ बराबर के गुनहगार रहे। सिटी कोतवाली में रेती मोहल्ले का रहने वाले विकास शर्मा ने भी सीए हत्याकांड में महत्वपूर्ण भूमिका निभागई। सीए के साले संदीप ओझा का करीबी विकास शर्मा श्वेताभ तिवारी से संबंधित सूचनाएं पूर्व प्रमुख को देता रहा। दोनों ही हत्याकांड से संबंधित साक्ष्य व राज जानने की कोशिश में पुलिस अब पूर्व प्रमुख को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि जल्द ही कोर्ट में रिमांड याचिका दाखिल की जाएगी। ललित कौशिक से पूछताछ पूरी होने के बाद ही दोनों घटनाओं से जुड़े कई अनसुलझे सवालों के जवाब तलाशे जा सकेंगे।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद: सीए हत्याकांड का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम की डीआइजी ने थपथपाई पीठ

संबंधित समाचार