मुरादाबाद : संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कमरे में फंदे पर लटका मिला शव, कोतवाली क्षेत्र के नरसरा गांव की घटना, मायके पक्ष के लोगों ने लगाया हत्या का आरोप, पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट

बिलारी (मुरादाबाद), अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के गांव करसरा में सोमवार सुबह विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसका शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। जबकि मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पति, ससुर और सास को गिरफ्तार कर लिया है।

सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी सलोनी अग्रवाल, कोतवाली प्रभारी अमित कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार विजय कुमार श्रीवास्तव की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा।

मृतका के भाई पान सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर कहा है कि उसकी बहन कमलेश (23) की शादी तीन वर्ष पूर्व करसरा गांव निवासी रामनिवास पुत्र केहरी सिंह के साथ हुई थी। बताया कि उनका बहनोई अमरपुर काशी में बाइक रिपेयरिंग की दुकान करता है। वह शराब पीने का आदी है। पान सिंह को सुबह 9:30 बजे गांव के ही लोगों ने फोन पर सूचना दी कि तुम्हारी बहन की मौत हो गई है, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचा तो कमलेश का शव चारपाई पर रखा था। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर कमलेश को प्रताड़ित  करते थे।

आरोप लगाया कि वह 2.5 लाख रुपये और बाइक की मांग कर रहे थे। बताया कि पूर्व में 1.5 लाख रुपये भी उन्हें नकद दिए थे। विवाहिता की दो साल की बेटी पलक है। पुलिस ने  भाई की तहरीर के आधार पर पति रामनिवास, ससुर केहरी सिंह, मां रूमा देवी, ननद ज्योति, शीतल और देवर रोहित के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही  पति, ससुर और मां को गिरफ्तार कर लिया है।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद में मिले पांच नए कोरोना संक्रमित, सक्रिय रोगियों की संख्या 20 हुई

संबंधित समाचार