अंधविश्वास: शाहजहांपुर में चार दिन से कमरे में बंद था परिवार, पुलिस को बेहोश मिले बच्चे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तिलहर, अमृत विचार। कस्बे के मोहल्ला बहादुरगंज में अंधविश्वास का रोंगटे खड़े कर देना वाला मामला सामने आया है। बच्चों के साथ परिजन तंत्र मंत्र के लिए कमरे में बंद हो गए और चार दिनों से पानी तक नहीं पिया। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस को बच्चों समेत नौ लोग बेहोशी की हालत में मिले। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें मानसिक चिकित्सालय, बरेली के लिए रेफर कर दिया गया। तंत्र मंत्र एवं भूत प्रेत को लेकर घर के बाद तमाम भीड़ पहुंच गई।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: कोलाघाट पैन्टून पुल टूटा, आवागमन हुआ बंद

पुलिस ने बताया कि मोहल्ला बहादुरगंज निवासी बनारसी लखीमपुर खीरी में जड़ी बूटी बेचने का काम करते हैं। घर पर उनकी पत्नी संतो देवी, पुत्री शीतल, प्रीती, सुजाता, अंजलि व कामिनी और पुत्र प्रकाश, आकाश व संजय रहते हैं।

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि बीते चार दिनों से संतो देवी का घर बंद है और घर के अंदर कोई हलचल नहीं प्रतीत हो रही थी। मंगलवार की सुबह पड़ोस में ही रहने वाली संतो की बहन सावित्री ने संतों का दरवाजा कई बार खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इस पर उन लोगों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को जानकारी दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घर का दरवाजा तोड़ा तो बच्चे बेसुध पड़े थे। कमरें में पूजा की चौकी के स्थापित थी, जिसके सामने महिला और लड़कियां मंत्रों का जाप कर रहीं थीं। उनके चेहरों पर लाल रंग लगा था। पुलिस और लोगों को देख जयकारे लगाने लगीं।

वे बहकी-बहकी बातें कर रहीं थीं। सभी की असामान्य देख घर से बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी को मानसिक चिकित्सालय रेफर कर दिया। इस दौरान घर से लेकर अस्पताल तक भीड़ लगी रही।

अंधविश्वास को लेकर एक परिवार के लोग बंद मकान में भूखे रह कर पूजा पाठ कर रहे थे। मकान का दरवाजा कई दिनों से बंद होने के कारण अनहोनी की सूचना पर पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो कई बच्चे बेहोश मिले और मंत्रों का जाप कर रहीं महिलाएं और बच्चे असामान्य हालत में दिखे, जिससे सभी को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

डॉक्टर बोले, एक हफ्ते से कुछ भी खाया-पिया नहीं, इसलिए ऐसी हालत
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, तिलहर के डॉ. सजर अंसारी ने बताया कि एक हफ्ते से इन लोगों ने कुछ भी खाया-पिया नहीं है और पूजा पाठ में लीन रहे हैं, इसलिए इनकी हालत ऐसी है। सभी का इलाज किया जा रहा है। जल्द ही सभी सामान्य अवस्था में आ जाएंगे।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: कार की टक्कर से धूं-धूं कर जल उठी बाइक, हादसों में दो की गई जान

संबंधित समाचार