Kanpur से व्यापारी का अपहरण कर राजस्थान Alwar में छोड़ा, खाते से 1.30 लाख रुपये भी निकाले, जानें- पूरा मामला
कानपुर से व्यापारी का अपहरण कर राजस्थान के अलवर में छोड़ा।
कानपुर से व्यापारी को सस्ते माल का झांसा देकर राजस्थान के अलवर बुलाया। इसके बाद व्यापारी का अपहरण कर लिया। व्यापारी के खाते से 1.30 लाख रुपये भी निकाल लिए।
कानपुर, अमृत विचार। आवास विकास हंसपुरम निवासी एक व्यापारी को बदमाशों ने सस्ता माल देने का झांसा देकर राजस्थान अलवर बुलाया। अलवर पहुंचने पर बदमाशों ने व्यापारी का अपहरण कर लिया। बदमाशों ने मैसेज के माध्यम से रिश्तेदारों से रुपये मंगवाकर 1.30 लाख रुपये निकाल लिए। एक लाख रुपये फिरौती और मांगने पर परिजनों ने नौबस्ता पुलिस को मामले की जानकारी दी। मुकदमा पंजीकृत कर नौबस्ता पुलिस और अलवर पुलिस ने छापेमारी की तो अपहरणकर्ता मौके से फरार हो गए।
नौबस्ता थानाक्षेत्र निवासी गोविंद मोहन गुप्ता ने बताया कि उनके भाई गोपाल मोहन गुप्ता बोरे का कारोबार करते है। उन्होंने ऑनलाइन देखा तो राजस्थान के अलवर में उन्हें आधी कीमत पर माल मिल रहा था। गोपाल ने वेबसाइट पर दिए गए नंबर पर फोन कर बात की और तीन अप्रैल की देर रात अलवर के लिए ट्रेन से निकल गए। अगले दिन अलवर पहुंचने के बाद उन्होंने पत्नी को जानकारी दी।
पत्नी को फोन पर जानकारी के दौरान उन्होंने बताया कि आधे दाम पर माल लेने अलवर आए है। स्टेशन पर कुछ लोग लेने आ रहे है, जिसके बाद व्यापारियों के साथ उनकी मीटिंग होनी है। कुछ देर बाद बदमाशों ने व्यापारी कर अपहरण कर उनके फोन से रिश्तेदारों और मित्रों के फोन पर रुपये भेजने का मैसेज किया। कुछ लोगों ने व्यापारी के खाते में रूपये भेज दिये, जिसके बाद अपहरणकर्ताओं ने उनके खाते 1.30लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद भी गोपाल मोहन ने रिश्तेदारों को फोन कर और रुपये भेजने को कहा।
परिजनों को शक होने पर उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। नौबस्ता पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा पंजीकृत किया। मुकदमा दर्ज होने के बाद नौबस्ता पुलिस और अलवर पुलिस ने छापेमारी शुरु की तो अपहरणकर्ता व्यापारी गोपाल को छोड़कर भाग निकले। एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने बताया कि नौबस्ता पुलिस ने व्यापारी को सकुशल बरामद किया है। व्यापारी का मोबाइल फोन, एटीएम पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस टीम व्यापारी को लेकर कानपुर आ रही है।
