हल्द्वानी: स्मार्ट मीटर से रीडिंग के आधार पर होगा पानी के बिलों का भुगतान
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर में जल निगम के विश्व बैंक परियोजना से जलापूर्ति होने वाले क्षेत्रों में लोगों को अब स्मार्ट मीटर से पानी मिलेगा। फ्रेंड्स कॉलोनी में लगभग ढाई हजार की आबादी को अभी तक जल संस्थान की ओर से जलापूर्ति हो रही थी जिसका बिल जल संस्थान की तरफ से तीन महीने में मैनुअल तरीके से आता था।
तीन दिन पहले पानी की आपूर्ति जल निगम विश्व बैंक परियोजना के अंतर्गत आ गई है। जिसके बाद चार महीने में स्मार्ट मीटर से रीडिंग के आधार पर बिल का भुगतान करना होगा। शहर में लगभग पांच हजार से अधिक आबादी को पहले गौला नदी से पानी की आपूर्ति होती थी। बाद में क्षेत्र की बढ़ती आबादी को देखते हुए तीन साल पहले लगभग 12 करोड़ की लागत से विश्व बैंक परियोजना के अंतर्गत पेयजल योजना का काम शुरू हुआ।
एक अप्रैल से जल संस्थान ने फ्रेंड्स कॉलोनी की जल आपूर्ति व्यवस्था जल निगम को हस्तांतरित कर दी थी। इसके बाद अब स्मार्ट मीटर लगाने की कवायद शुरू हो चुकी है। लोगों को स्मार्ट मीटर से 14.69 रुपये प्रति किलोलीटर के हिसाब से बिल का भुगतान करना होगा। कुसुमखेड़ा में पहले से स्मार्ट मीटर लगे हुए हैं और अब बचे हुए क्षेत्रों में भी स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।
