बागेश्वर: खान श्रमिकों का विवरण तलाशने में जुटा प्रशासन, बिना पंजीकरण के काम कर रहे हैं मजदूर
बागेश्वर, अमृत विचार। मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन अब जनपद में खड़िया खान मालिकों द्वारा लगाए मजदूरों का पंजीकरण कराने में जुट गया है। श्रम विभाग इसके लिए खान क्षेत्रों का भ्रमण करके उनकी सूची एकत्र कर रहा है। कई सालों से हो रहे खनन के दौरान अब तक प्रशासन के पास मजदूरों का कोई आंकड़ा तक नहीं रहता था।
जनपद में वर्तमान में 136 खड़िया खानें स्वीकृत हैं जिसमें वर्तमान में 56 खानों में काम चल रहा है। कई सालों तक अब तक न तो जिला प्रशासन और न ही श्रम विभाग ने खान में काम कर रहे मजदूरों का आंकड़ा जुटाने की आवश्यकता तक नहीं समझी जिस पर एक निजी चैनल ने इस पर खबर प्रकाशित की। जिसके बाद प्रशासन चेता है तथा जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने श्रम विभाग को इस संबंध में आदेश दिए कि वह प्रत्येक खान में काम कर रहे मजदूरों का आंकड़ा व विवरण अपने पास रखे। जिसके बाद श्रम विभाग इन दिनों खानों में जाकर खनन आदि कार्य कर रहे मजदूरों की जानकारी जुटा कर उनका पंजीकरण करा रहा है।
अब तक आठ खानों का निरीक्षण कर चुका है श्रम विभाग
बागेश्वर। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद श्रम विभाग खान क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे हैं तथा वहां काम कर रहे मजदूरों का ब्यौरा जुटा रहे हैं। इसके तहत प्रति वर्ष आने व खान कार्य से जाने वाले मजदूरों की जानकारी खान मालिक श्रम विभाग को उपलब्ध कराएगा। इस संबंध में किसी प्रकार की लापरवाही होने पर कार्रवाई की जाएगी।
दुर्घटना व बाल मजूदरी की मिलेगी जानकारी
बागेश्वर। खानों में काम कर रहे मजदूरों का विवरण होने से खान क्षेत्र में काम करने वाले मजदूरों के हितों की सुरक्षा होगी। यहां होने वाली दुर्घटनाओं की जानकारी आसानी से मिलेगी तथा दुर्घटना छिपाने में परेशानी होगी साथ ही इससे खानों में काम कर रहे बाल मजदूरी पर भी लगाम लगेगा।
मामला में संज्ञान में आने के बाद श्रम व खान विभाग को श्रमिक का ब्यौरा जुटाने के आदेश दिए हैं। शीघ्र ही प्रशासन के पास इस संबंध में आंकड़ा उपलब्ध होगा।
- अनुराधा पाल, जिलाधिकारी बागेश्वर
