रामनगर: सुंदरखाल में बस की चपेट में आने से मासूम की मौत, हंगामा
रामनगर, अमृत विचार। रामनगर में नेशनल हाईवे 309 पर स्थित ग्राम सुंदरखाल क्षेत्र में बस की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की मौत होने से लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगाते हुए प्रदर्शन कर बस मालिक व चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रत्यक्षदर्शी देवेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम सुंदरखाल निवासी गणेश सिंह का सात वर्षीय पुत्र पीयूष ग्राम ढिकुली स्थित एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा दो का छात्र है। वह स्कूल से बस में सवार होकर घर की ओर आ रहा था।
इसी बीच जैसे ही बच्चा अपनी बस से उतर कर घर जाने की तैयारी में था तभी पीछे से आ रही एक अन्य बस ने उसे अपनी चपेट में लेकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना पर मौजूद परिजन व अन्य लोग बच्चे को रामनगर के सरकारी अस्पताल लाए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीणों ने चालक के खिलाफ कार्यवाही की बात पर जाम खोला। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा जाम खोल दिया गया है। चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा वाहन को कब्ज़े में ले लिया है।
