बरेली: डीजल इंचार्ज ने परिचालक को दी गाली, ARM बोले- ये तो प्यार की भाषा है...वीडियो वायरल
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। रुहेलखंड डिपो की कार्यशाला में डीजल इंचार्ज ने रोडवेज के एक परिचालक से गाली-गलौच की, जिसके बाद अन्य परिचालकों ने मौके पर जमकर हंगामा किया। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। इस मामले में एआरएम रुहेलखंड डिपो ने कहा कि गाली तो प्यार की भाषा है। मथुरा में गाली देने पर तो कोई बुरा नहीं मानता। ऐसे में किसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
गुरुवार दोपहर में रुहेलखंड डिपो की कार्यशाला में तैनात डीजल इंचार्ज ने किसी बात को लेकर एक परिचालक को फोन पर गाली दे दी। परिचालक ने अपने अन्य साथियों को गाली देने की बात बताई। जिसके बाद दर्जनों परिचालक कार्यशाला में विरोध करने के लिए पहुंच गए।
मौके पर मौजूद एआरएम रुहेलखंड डिपो योगेन्द्र पाल सिंह ने किसी तरह मामले को शांत कराया। हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो गया। इस मामले में एआरएम रुहेलखंड डिपो योगेन्द्र पाल सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि गाली देना तो प्यार की भाषा है। इसमें बुरा मानने वाली कोई बात नहीं है। मथुरा में तो लोग गाली देने पर बुरा नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा कि कार्रवाई करने जैसा कोई मामला नहीं है। परिचालकों को उसी समय समझाकर शांत करा दिया गया था।
यह भी पढ़ें- बरेली: लाइन पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आया बुजुर्ग, मौत
