सिद्धारमैया या डीके शिवकुमार के सीएम बनने का कोई सवाल ही नहीं होता : केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी
बेंगलुरु। कर्नाटक चुनाव पर कांग्रेस प्रमुख डी.के. शिवकुमार ने कहा कि बिना किसी समस्या के हमने 2 लिस्ट जारी कर दी है, BJP अभी तक अपनी एक लिस्ट भी जारी नहीं कर पाई। मुझे विश्वास है कि हम अपनी सरकार बनाएंगे। युवा पीढ़ी और नए चेहरों को आगे बढ़ाया जा रहा है, नई लिस्ट जल्द जारी की जाएगी।
कर्नाटक चुनाव पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी बोले, डी.के. शिवकुमार या सिद्धारमैया में से किसी के भी मुख्यमंत्री बनने के लिए कांग्रेस पार्टी को बहुमत हासिल कर के सत्ता में आना होगा, वे कभी मुख्यमंत्री नहीं बन सकते क्योंकि वे कभी भी जादुई आंकड़े को पार नहीं कर पाएंगे, इसलिए सिद्धारमैया या डीके शिवकुमार के सीएम बनने का कोई सवाल ही नहीं होता।
कर्नाटक चुनाव पर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा, मैं दिल्ली जा रहा हूं, कल हमारी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक है। हम जल्द से जल्द सभी सीटों को पर फैसला करने वाले हैं।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नौ अप्रैल को दिल्ली में संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करेगी। बोम्मई ने यहां संवाददाताओं से कहा, उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से की गई है। प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के लिए तीन उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। हम कल और परसों दिल्ली में उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा करेंगे और सूची जारी करेंगे।
बोम्मई और पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठकों में भाग लेने के लिए आज दिल्ली जाएंगे। इस दौरान नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा। कांग्रेस में मतभेद को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रतिद्वंद्वी पार्टी के पास 60 सीटों पर उम्मीदवार नहीं हैं, इसलिए वह भाजपा के मौजूदा विधायकों से संपर्क कर रही है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस के पास 60 सीटों पर उम्मीदवार नहीं हैं।
दूसरी सूची जारी करने से पहले उन्होंने फिर से हमारे विधायकों से संपर्क किया और कहा कि अगर वे कांग्रेस में शामिल होने के लिए सहमत हैं तो हम टिकट लंबित रखेंगे। यह कांग्रेस पार्टी की हालत है। अठानी में भाजपा खेमे में नाराजगी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि टिकट के इच्छुक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) लक्ष्मण सावदी और महेश कुमाथल्ली के बीच समस्या को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल किया जाएगा।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने अब तक 166 उम्मीदवारों की सूची जारी की है और जनता दल सेक्युलर (जद-एस) ने 93 नामों की घोषणा की है। जनता दल सेक्युलर की ओर से आज दूसरी सूची जारी किए जाने की उम्मीद है।
5 साल में तीन सीएम बदले
कर्नाटक में पिछले 5 साल सियासी तौर पर काफी उथल पुथल रही। 5 साल में तीन बार राज्य में सीएम बदले सबसे पहले कुमार स्वामी ने 23 मई 2018 को सीएम पद की शपथ ली। वे 23 जुलाई 2019 तक सीएम रहे। इसके बाद येदियुरप्पा 26 जुलाई 2019 से 28 जुलाई 2021 तक सीएम रहे। येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद 28 जुलाई 2021 को बसवराज मुख्यमंत्री बने। वे राज्य के मौजूद सीएम हैं।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023
नोटिफिकेशन की तारीख- 13 अप्रैल
नामांकन की आखिरी तारीख- 20 अप्रैल
नामांकन की स्क्रूटनी- 21 अप्रैल
नामांकन वापस लेने की तारीख- 24 अप्रैल
मतदान- 10 मई
नतीजे- 13 मई
ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ : सीएम बघेल ने नेता प्रतिपक्ष को लिखी चिट्ठी, पीएम मोदी से मुलाकात में इन मांगों पर चर्चा की अपील की
