अयोध्या: दलित बस्ती में आग से छह घर राख, 60 बकरियां जिंदा जली
बीकापुर/ अयोध्या, अमृत विचार। बीकापुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत असरेवा के मजरे तेलियानी के दलित बस्ती में शुक्रवार दोपहर अज्ञात कारणों से लगी आग की चपेट में आकर छह घरों समेत 30 बकरियां जलकर राख हो गईं।
बताया गया कि सुमित्रा कोरी पत्नी राम धीरज कोरी के छप्पर में अचानक लगी आग से छप्पर में बंधी 30 बकरियां जलकर राख हो गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया, जिसमें पारसनाथ का चार आवासीय छप्पर सहित भूसैले में रखा अनाज व कृष्णा पुत्र राम प्रसाद का भी तीन आवासीय छप्पर 2 बकरियों सहित सम्पूर्ण गृहस्थी जल गई। जबकि शिवलाल पुत्र रोंघे, विश्वनाथ पुत्र राम प्रसाद की सम्पूर्ण गृहस्थी व श्री नाथ पुत्र राम प्रसाद का एक छप्पर व संजय पाण्डेय पुत्र वासुदेव का एक छप्पर और 60 हजार रूपए जलकर राख हो गए। ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड के कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
लेखपाल अनंत राम मिश्र ने बताया तहसील प्रशासन के निर्देशानुसार कोटेदार दूधनाथ द्वारा तत्काल राशन उपलब्ध कराया गया और ग्राम प्रधान सूर्यभान यादव द्वारा आर्थिक सहायता दी जा रही है। क्षति का आंकलन किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें - हरदोई: पुलिया में फंसा मिला काश्तकार का शव
