UPPSC PCS Result : यूपी पीसीएस 2022 में छाए शहर के होनहार, जानिए टॉपर्स के संघर्ष से सफलता की दास्तां

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

UPPSC PCS Result यूपी पीसीएस में शहर के होनहार छाए।

UPPSC PCS Result यूपी पीसीएस में कानपुर के होनहार छाए। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ।

कानपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित यूपी पीसीएस परीक्षा 2022 का परिणाम शुक्रवार देर शाम घोषित हो गया। इसमें शहर के होनहार छा गए हैं। उनका चयन डिप्टी एसपी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, डिप्टी कलेक्टर, जिला युवा कल्याण अधिकारी आदि पदों पर हुआ है। मेधावियों की कामयाबी पर उनके माता-पिता के अलावा रिश्तेदार और शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी। इन छात्रों ने शहर में रहकर तैयारी की है। कई सफल हुए छात्र अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों में जुट गए हैं। 

सिविल सर्विसेज में कामयाब होना है सपना 

शहर से प्रशासनिक अधिकारी की तैयारी करने वाले अनिरुद्ध पांडेय का चयन डिप्टी एसपी के पद पर हुआ है। वह मूलरूप से प्रयागराज के रहने वाले हैं। उन्होंने एमएनआईटी से सिविल इंजीनियरिंग से बीटेक किया। उनका सपना सिविल सर्विसेज में सफलता हासिल करना है। मेन परीक्षा पास कर ली है, जबकि 11 मई को साक्षात्कार है। अनिरुद्ध का चयन सन 2020 में जिला अल्पसंख्यक अधिकारी और 2021 में नायब तहसीलदार के पद पर हुआ था। उन्होंने अल्पसंख्यक अधिकारी के पद से एक्सटेंशन लिया है, जबकि नायब तहसीलदार पद को ज्वाइन नहीं किया। पिता आदर्श पांडेय आर्मी में थे। उनकी कई जगह पोस्टिंग हुई, जिसके चलते उनकी प्रारंभिक शिक्षा कई शहरों में पूरी हुई। 

शहर से पढ़ाई कर हासिल की सफलता 

यूपी पीसीएस के नतीजे में राजकीय डिग्री कॉलेज फर्रुखाबाद में इतिहास के प्रो. अनुपम अवस्थी बीएसए का पद मिला है। वह मूलरूप से कानपुर देहात के रहने वाले हैं। उन्होंने डीएवी कॉलेज कानपुर से स्नातक और क्राइस्ट चर्च कॉलेज से पीजी और नेट जेआरएफ किया है। 10वीं की परीक्षा उत्तराखंड से पास की, जबकि 12वीं कानपुर देहात से किया। पिता पुत्तनलाल अवस्थी शिक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि मां आशा अवस्थी हाउस वाइफ हैं। यह अनुपम की तीसरी सफलता है। इससे पूर्व उन्होंने नवोदय विद्यालय राजौरी में इतिहास के शिक्षक के रूप में कार्य किया। अनुपम की पत्नी आकांक्षा अवस्थी भी गृहिणी हैं। उनका कहना है कि उनका लक्ष्य यूपीएससी को पास करना है। 

आईएएस बनने के लिए कड़ी मेहनत 

आवास विकास केशवपुरम के रहने वाले शरद चौधरी का चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ है। यह सफलता उन्हें तीसरी बार मिली है। उनका चयन वर्ष 2018 में जिला बचत अधिकारी पद पर हुआ। वर्ष 2020 में असिस्टेंट कमिश्नर इंडस्ट्री पद चयनित हुए। मौजूदा समय में उनकी तैनाती औरैया जिले में है। शरद के पिता सुरेश चौधरी स्वरूप नगर स्थित यूनियन बैंक में मैनेजर हैं, जबकि मां सावित्री गृहिणी हैं। महाराणा प्रताप एजुकेशन सेंटर से 10वीं व 12वीं की पढ़ाई करने के बाद गाजियाबाद से वर्ष 2016 में बीटेक किया। उन्होंने कहा कि यूपीएससी की तैयारी चल रही है। आईएएस बनना ही सपना है। उसके लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

कामयाबी के लिए कड़ी मेहनत जरूरी 

कानपुर के ईश्वरीगंज की रहने वाली कोमल का चयन बीडीओ के पद पर हुआ है। पिता रंजीत सिंह परिहार आर्मी से रिटायर हैं और मांशिवकली देवी गृहिणी हैं। यह सफलता उन्हें दूसरे प्रयास में मिली है। कोमल की स्कूली शिक्षा गांव से हुई है, जबकि स्नातक, परास्नातक छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय से किया। उनका बिहार पीसीएस में रूरल डेवलेपमेंट ऑफिसर के पद पर भी चयन हुआ है, जिसकी ट्रेनिंग अभी चल रही है। उनका लक्ष्य यूपीएससी पास करना है। कोमल के मुताबिक कामयाबी के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है। पढ़ाई के साथ ही रिविजन जारी रखें। नकारात्मकता बिल्कुल न लाएं।

ये भी पढ़ें : UPPCS परीक्षा की टॉप-10 रैकिंग में शाहजहांपुर के बीएसए कुमार गौरव का पांचवां स्थान, पुरुष वर्ष में किया टॉप 

 

संबंधित समाचार