बहराइच: आग लगने से 26 मकान हुए राख, दमकल कर्मियों ने पाया काबू 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बहराइच, अमृत विचार। जिले में आग गर्मी बढ़ने के साथ ही अग्निकांड की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। शनिवार को जनपद के लोहरनपुरवा गांव में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिसमें 26 ग्रामीणों के फूस के मकान जलकर राख हो गए। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। अग्निकांड पीड़ित ग्रामीण खुले आसमान तले रहने को विवश हैं। 

मोतीपुर तहसील क्षेत्र ग्राम पंचायत महेशपुर के मजरा लोहरनपुरवा गांव निवासी ग्रामीण के मकान में दोपहर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। चल रही तेज पछुआ हवा के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया।देखते ही देखते गांव में बने अन्य फूस के मकान आग की चपेट में आ गए। ग्राम प्रधान ने तहसील के साथ पुलिस को आग लगने की घटना से अवगत कराया। एसडीएम संजय कुमार, तहसीलदार सुनील कुमार श्रीवास्तव और प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। दमकल वाहन भी गांव पहुंच गया। एसडीएम ने बताया कि आग लगने से 26 ग्रामीणों के मकान जल गए हैं। सभी मकान फूस के बने हुए थे। एसडीएम ने बताया कि सूची राजस्व कर्मियों द्वारा तैयार की जा रही है। सूची मिलने के बाद पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जायेगी। अभी नुकसान का आंकलन नहीं हो सका है। अग्निकांड के चलते ग्रामीणों के घर में रखी सारी गृहस्थी जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गई है। सभी खुले आसमान तले रहने को विवश हो गए हैं।

ये भी पढ़ें - प्रयागराज: अतीक अहमद के घर से मिला विवादित पोस्टर, जांच में जुटी पुलिस

संबंधित समाचार