नैनीताल: पर्यटकों का उमड़ा हुजूम, यातायात व्यवस्था धड़ाम
नैनीताल, अमृत विचार। वीकेंड पर लगातार तीन दिन अवकाश के चलते नैनीताल में बड़ी संख्या में पर्यटक उमड़े। शनिवार को भी नैनीताल पैक रहा। नैनीताल के पार्किंग स्थल सुबह से ही फुल हो गए। पुलिस प्रशासन को पर्यटक वाहनों को रूसी बाइपास और नारायण नगर में वाहनों को रोकना पड़ा।
जिन पर्यटकों की होटल में बुकिंग थी, केवल उन्हीं को प्रवेश दिया गया। सैलानियों को शटल सेवा के माध्यम से नैनीताल भेजा गया। रूसी बाईपास से नैनीताल नगर के प्रवेश द्वार तक वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण पुलिस प्रशासन को यातायात बहाल करने को लेकर कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
शुक्रवार को गुड फ्राइडे, इसके बाद दूसरा शनिवार और फिर रविवार को अवकाश होने के कारण सैलानी नैनीताल पहुंचे हैं। शुक्रवार सुबह से ही नैनीताल आने वाले पर्यटकों के वाहनों की कतारें लगी रहीं। इस दौरान मालरोड समेत अन्य आंतरिक सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। शहर में डीएसए पार्किंग, मेट्रोपोल, बीडी पांडे, सूखाताल एवं तल्लीताल पार्किंग फुल होने पर दोपहर बाद वाहनों को पुलिस द्वारा रूसी बाईपास में रोक दिया गया।
हल्द्वानी से आने वाले वाहनों को रूसी बाईपास, जबकि कालाढूंगी की ओर से आने वाले वाहनों को नारायण नगर में रोका गया। निकासी के आधार पर वाहनों को यहां से प्रवेश दिया गया। इससे नैनीताल में प्रवेश द्वारों पर लंबा जाम लगा रहा।
