अयोध्या : महापौर के टिकट दावेदारों की अपनी-अपनी कसौटी
सोशल मीडिया पर सक्रियता में ऋषिकेश सबसे आगे
कोई संघ तो कोई विद्यार्थी परिषद से रहा है जुड़ा
अयोध्या, अमृत विचार। केंद्र व प्रदेश की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी के चुनाव चिह्न पर महापौर पद की उम्मीदवारी को लेकर दावेदारों की दौड़ लखनऊ से दिल्ली तक जारी है। टिकट की चाह में दावेदार मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारियों से लेकर भाजपा और अन्य अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारियों की गणेश परिक्रमा में जुटे हैं। महापौर पद के दावेदार सियासत के साथ सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म तथा सामाजिक सेवा में भी सक्रिय हैं।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के बाल स्वयं सेवक रहे और नब्बे के दशक में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में सक्रिय ऋषिकेश उपाध्याय अयोध्या नगर निगम के पहले महापौर चुने गए। अब सीट फिर से अनारक्षित होने के बाद दावेदारी की दौड़ में हैं। युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष और भाजपा के जिला कार्यसमिति सदस्य रहे ऋषिकेश उपाध्याय के फेसबुक पर 1,67000, ट्विटर पर 5537, इंस्टाग्राम पर 3232 कूएप पर 32000 तथा नमो एप पर 2200 एक्टिव प्वाइंट के साथ 268 फालोवर हैं। रामाय सेवा ट्रस्ट के प्रबंधक, एडवर्ड तीर्थ विवेचनी सभा के संरक्षक, सेवा संस्थान विद्याकुंड के सचिव, राष्ट्रीय महापौर परिषद के प्रदेश महामंत्री ऋषिकेश उपाध्याय 1000 अंतिम संस्कार के लिए निशुल्क लकड़ी, कोविड के दौरान 50 हजार लंच पैकेट और प्रतिवर्ष अपने कॉलेज में 100 को निशुल्क शिक्षा व शुल्क में छूट प्रदान करते हैं।
वहीं वर्ष 2007 से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में सक्रिय वर्तमान में कई संस्थाओं के माध्यम से असहायों की सहायता का प्रकल्प चलाने वाले तथा आक्रामक बयानबाजी के लिए चर्चित राजूदास हनुमानगढ़ी पीठ से जुड़े हैं। यह पार्टी के नमो एप पर भले ही उपलब्ध नहीं हैं लेकिन फेसबुक पर इनके 85000, ट्विटर पर 3201, इंस्टाग्राम पर 7895 व कूएप पर 170000 फालोवर हैं।
गिरीश पति और अभिषेक मिश्र भी दौड़ में
वर्तमान में वशिष्ट फाउंडेशन के अध्यक्ष गिरीश पति तिवारी अयोध्या के तिवारी मंदिर के महंत है और पूर्व में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रहे। इनके फेसबुक पर 16000, ट्विटर पर 205 व इंस्टाग्राम पर 1121 फालोवर हैं। साकेत छात्र संघ के अध्यक्ष, दो बार भाजयुमो के जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रहे और वर्तमान में भाजपा के महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र राजनीतिक क्षेत्र में काफी सक्रिय हैं। इनके फेसबुक पर 19000, ट्विटर पर 1140, इंस्टाग्राम पर 4570 फालोवर हैं। कूएप और पार्टी के नमो एप पर भी कमोबेश सक्रियता है। वहीं भाजपा से टिकट के अन्य दावेदारों में शरद पाठक बाबा की पत्नी अनीता पाठक, समाजसेवी व अधिवक्ता श्वेता राज सिंह, डॉक्टर ममता पांडे का भी नाम चर्चा में है।
यह भी पढ़ें : Corona Guidelines : मास्क व सोशल डिस्टेंस से मिलेगी कोरोना से राहत, टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट की गाइड लाइन जारी
