संभल: साम्प्रदायिक भड़काऊ पोस्ट डालने वाला गिरफ्तार
सरायतरीन के युवक ने दूसरे समुदाय की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी कर डाली थी फेसबुक पर पोस्ट, रात को ही पैदा हुआ आक्रोश,उठी कार्रवाई की मांग, भाजपा नेता हरेंद्र सिंह ने अफसरों से की शिकायत तो हुई कार्रवाई
संभल, अमृत विचार। एक युवक ने धर्म विशेष की महिलाओं पर अमर्यादित व भड़काऊ साम्प्रदायिक टिप्पणी करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल दी। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया। भाजपा नेता हरेंद्र सिंह रिंकू ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को हालात से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग उठाई। हयातनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार की रात मोहम्मद शुऐब रियानी नाम के युवक के फेसबुक एकाउंट से एक पोस्ट डाली गई। इसमें दूसरे धर्म की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करते हुए अमर्यादित बातें लिखी गई थीं। इस पोस्ट को पढ़ने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। इसी के साथ माहौल खराब करने का प्रयास करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठने लगी। भाजपा नेता हरेंद्र सिंह रिंकू चौधरी ने पुलिस अधीक्षक को ट्विट कर हालात से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की। इसके बाद हयातनगर पुलिस सक्रिय हो गई।
थाना प्रभारी करम सिंह पाल ने बताया कि विवादित पोस्ट को लेकर सरायतरीन के मोहल्ला पैठ इतवार बाजार में लोगों के एकत्र होने की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची। यहां लोगों ने मोहम्मद शुऐब रियानी के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी।
पास में ही पोस्ट डालने वाला मोहम्मद शुऐब रियानी दूसरे समुदाय के लोगों के साथ विवाद कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते दिखाई दिया। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मोहम्मद शुऐब रियानी को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया गया है। उसके द्वारा की गई भड़काऊ पोस्ट को लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : युवक की मौत मामले में पिता समेत तीन पर आत्महत्या को उकसाने की रिपोर्ट
