बरेली: यही है महिला सशक्तीकरण..! अफसरों के चक्कर काटे बगैर रिपोर्ट तक नहीं लिखा पातीं
शहर में बढ़ीं दुष्कर्म और छेड़खानी की घटनाएं, कई पीड़िताओं को अफसरों तक लगानी पड़ी दौड़ तब दर्ज हुई रिपोर्ट
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। महिलाओं का सम्मान और सशक्तीकरण जुमलों और कागजों से बाहर आने का नाम नहीं ले रहा है। हालत यह है कि अपराधों का शिकार होने के बाद थानों में आसानी से रिपोर्ट तक दर्ज नहीं हो रही है। रिपोर्ट लिखाने के लिए पीड़ित महिलाओं को अफसरों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, या फिर अदालत की शरण लेनी पड़ रही है। हालात का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शनिवार को दुष्कर्म और छेड़खानी के अलग-अलग थानों में पांच केस दर्ज हुए। इनमें से तीन उच्चाधिकारियों या अदालत के आदेश के बाद दर्ज किए गए।
यह भी पढ़ें- बरेली: आधे दिन की ओपीडी... लाइन में लगे रहे मरीज, समय से पहले ही चले गए डॉक्टर
गर्दन पर चाकू रखकर किया महिला से दुष्कर्म
प्रेमनगर इलाके में रहने वाली महिला ने पड़ोसी अफ्फान के खिलाफ थाना प्रेमनगर में 16 मार्च को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि 16 मार्च को उसका पति मकान के नीचे वाले हिस्से में सो रहा था और वह ऊपरी हिस्से में बने कमरे में सो रही थी।
रात में अफ्फान दीवार पर चढ़कर उसके घर में घुस आया। उसकी गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी दी और फिर दुष्कर्म किया। इसके बाद घर में रखे 10 हजार रुपये और उसका मोबाइल फोन भी साथ ले गया। महिला की शिकायत के बाद प्रेमनगर पुलिस ने 21 मार्च को आरोपी का धारा 151 में चालान कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने एसएसपी प्रभाकर चौधरी के सामने पेश होकर फरियाद की। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की है।
घर में घुसकर तमंचे के जोर पर दुष्कर्म की कोशिश
इज्जतनगर इलाके में रहने वाली महिला के साथ मारपीट के साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। महिला का कहना है कि वह किराए के मकान में रहती है। उसकी कुछ जमीन रजत विहार कॉलोनी में है जिस पर वह मकान बनवा रही है। 24 मार्च को वह निर्माणस्थल पर पहुंची तो वहीं रहने वाले शिवम, रोली, ज्योति और बबली ने उससे गालीगलौज और मारपीट की। 24 मार्च की ही शाम चार बजे शिवम तमंचा लेकर उसके घर में घुस आया और उसके छह वर्षीय बेटे को बंधक बना लिया।
इसके बाद दुष्कर्म की कोशिश करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। महिला के मुताबिक वह किसी तरह आरोपी से छूटकर बेटे समेत कमरे में बंद हो गई। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हुए तो शिवम जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। थाना इज्जतनगर में उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। तब उसने कोर्ट में वाद दायर किया। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
शराब के नशे में बीच रास्ते छेड़खानी और मारपीट
बारादरी इलाके में रहने वाली महिला का आरोप है कि उसी के मोहल्ले में रहने वाला बादल नाम का युवक उसे आए दिन परेशान करता है। सात अप्रैल को आरोपी शराब के नशे में कुत्ते को मार रहा था। इसी बीच वह वहां से निकली तो आरोपी उससे छेड़खानी करने लगा और उसे जबरन बीच रास्ते में पकड़ लिया। उसने विरोध किया तो आरोपी ने उससे मारपीट भी की। इससे महिला के शरीर में चोटें भी आईं। पीड़िता ने थाना बारादरी में शिकायती पत्र दिया लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इस पर उसने एडीजी से शिकायत की। एडीजी के निर्देश पर आरोपी बादल के खिलाफ बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
छेड़खानी का विरोध करने पर महिला को पीटा
बारादरी इलाके की ही एक अन्य महिला ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया है कि नवादा शेखान में रहने वाला सनी दो साल से उसका पीछा कर रहा है। इसका विरोध करने पर उसके साथ ने मारपीट भी कर चुका है। शिकायत पर मोहल्ले के कुछ लोगों ने समझौता कर दिया था। तब सनी ने माफी मांगकर दोबारा गलती न करने की बात कही थी लेकिन अब वह उसे दोबारा परेशान करने लगा है और बीच राह में छेड़खानी करता है। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की। पुलिस ने आरोपी सनी के खिलाफ छेड़खानी और मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
राह चलते ब्लेड मारा तो नौकरी छोड़ घर बैठी युवती
किला इलाके में रहने वाली युवती के मुताबिक वह बड़ा बाजार में एक कपड़े की दुकान पर काम करती थी। सात अप्रैल की शाम को काम खत्म करके वह दुकान से घर लौट रही थी, तभी रास्ते में नीम की चढ़ाई के पास अज्ञात बाइक सवार युवक उसे ब्लेड मारकर भाग गया। ब्लेड युवती के कंधे के नीचे लगा, जिससे वह घायल हो गई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी मुंह ढके हुए था, जिससे वह उसे पहचान नहीं सकी। अब डर के कारण उसने नौकरी छोड़कर घर से बाहर जाना भी बंद कर दिया है। पीड़िता की शिकायत पर किला पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
यह भी पढ़ें- बरेली: 12 हजार घरों में तीन दिन रहेगा बिजली का संकट, 36 घंटे रहेगी गुल
