प्रयागराज: अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन पर इनाम राशि बढ़ाकर की गई 50 हजार
प्रयागराज। उमेश पाल हत्याकांड में नामजद माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर इनाम की राथि बढ़ाकर 50 हजार कर दिया गया है। पहले पुलिस ने उसके खिलाफ 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। तमाम दबिश के बावजूद गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने उस पर इनाम की राशि बढ़ा दी है। मालूम हो कि गत 24 फरवरी को राजू पाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में माफिया अतीक, उसके भाई अशरफ, पुत्रों सहित शाइस्ता पर भी मुकदमा दर्ज कराया गया था। शाइस्ता परवीन की अग्रिम जमानत याचिका एमपी/एमएलए कोर्ट से खारिज की जा चुकी है। उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया है। इसके बाद अब आत्मसमर्पण करने के अलावा उसके पास कोई विकल्प नहीं बचा है।
शाइस्ता पर आरोप है कि उसने उक्त वारदात की रूपरेखा तैयार की और उसके भाई खालिद उर्फ अशरफ ने एक रणनीति के तहत शूटरों को हायर किया था, जबकि शाइस्ता की देखरेख में इस वारदात के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए गए। इस वारदात के दो दिन बाद तक वह पुलिस के सामने थी, लेकिन जैसे ही वारदात में उसका नाम सामने आया, वह फरार हो गई। शाइस्ता के बेटे असद पर पुलिस ने पांच लाख का इनाम घोषित किया है। हत्याकांड का मुख्य आरोपी वही है। गोली चलाते वक्त उसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
यह भी पढ़ें:-ललितपुर में बोले ब्रजेश पाठक- भाजपा सरकार ने पिछड़ी जातियों को मुख्यधारा में लाने का काम किया
