UP Nikay Chunav 2023: BJP जातियों को साधने में जुटी, प्रभावी मतदाता सम्मेलन में ब्राह्मणों की आमद
कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा का पूरा फोकस कानपुर में है। ओबीसी आरक्षण को लेकर अदालती किरकिरी व उसके ठीक बाद शहर में खटिकों के सम्मेलन में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और चाचा शिवपाल यादव बतौर मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि के आने के बाद भाजपा ने सभी जातियों को साधने की शुरुआत कानपुर से कर दी है।
भाजपा की यह शुरुआत सही अर्टजों में शनिवार से हुई। एक तरफ डिप्टी सीएम सहित दो दिन के भीतर चार मंत्रियों का आना दूसरी तरफ़ भाजपा के उपाध्यक्ष यूपी प्रभारी राधामोहन सिंह का कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देना व वरिष्ठ नेताओं व प्रदेश पदाधिकारियों संग बैठक करके संभावित प्रत्याशियों के नाम पर फीडबैक लेना पार्टी की रणनीति का हिस्सा है।
भाजपा दक्षिण जिला के शनिवार को वृंदावन लॉन में प्रभावी मतदाता के नाम पर ब्राह्मण सम्मेलन हुआ जिसमें आगंतुकों का पारम्परिक स्वागत किया गया। आनंदेश्वर मन्दिर व पनकी मन्दिर के महंतों की उपस्थिति से भाजपा ने हिंदुत्व की धार पैनी करने के स्पष्ट संकेत दिए।
रविवार को योगी सरकार के मंत्री दिनेश खटिक दलितों से सम्पर्क में साधेंगे तो मंत्री नितिन अग्रवाल वैश्य सम्मेलन में आएंगे। मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह पिछड़ों को साधने रविवार को आएंगे। पार्टी के एक पदाधिकारी बताते हैं कि निकाय चुनाव के लिए उद्घोष के साथ ही यह लोकसभा चुनाव की तैयारियों का भी हिस्सा है।
यह भी पढ़ें:-प्रयागराज: अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन पर इनाम राशि बढ़ाकर की गई 50 हजार
