अयोध्या: अब खेलों के लिए नए सिरे से संवारे जायेंगे परिषदीय स्कूल के छात्र
नेहरू युवा केंद्र, खेल एकेडमी और संस्थाओं का लिया जायेगा सहयोग
अमृत विचार, अयोध्या। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को खेलों में निखार के लिए स्पोर्ट्स फार स्कूल कार्यक्रम शुरू होगा। बच्चों को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। हर विद्यालय में खेलों की टीमें बनेगी। खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
नेहरू युवा केंद्र, खेल एकेडमी तथा अन्य संस्थाओं के सहयोग से बेसिक स्कूलों में खेलों व खिलाड़ियों की दशा को सुधारने के लिए स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम चलेगा। इसे लेकर बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने निर्देश दिए हैं। स्पोर्ट्स फॉर स्कूल कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी छांटे जाएंगे। जिन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण देकर एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराकर उनकी प्रतिभाओं को निखारने की तैयारी है। खेल किट, विद्यालय में शारीरिक गतिविधियों का आयोजन, प्रत्येक विद्यालय में विभिन्न खेलों की टीमों का बनाया जाना आदि गतिविधियां इस कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित की जाएंगी। 3 चरणों में इस कार्यक्रम को आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, कबड्डी,कुश्ती, खो-खो, हॉकी बास्केटबॉल आदि खेल शामिल किए गए हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया कि जिला स्तर पर कार्य योजना बनाई जायेगी। उन्होंने बताया कि पहले से ही स्कूलों में खेल गतिविधियों का संचालन हो रहा है, कार्यक्रम से और सहयोग मिलेगा।
ये भी पढ़ें -अयोध्या: महाराष्ट्र के सीएम शिंदे को भेंट किये धार्मिक ग्रंथ, उठाई यह बड़ी मांग
