मुरादाबाद: धर्म के नाम पर आपसी सौहार्द न बिगाड़ें- महासचिव संदीप पांडेय
सामाजिक सद्भाव समागम में पहुंचे मैग्सेसे अवार्ड विजेता संदीप पांडेय
बिलारी(मुरादाबाद), अमृत विचार। सोशलिस्ट पार्टी आफ इंडिया के महासचिव व मैग्सेसे अवार्ड विजेता संदीप पांडेय ने लोगों से धर्म के नाम पर आपसी एकता और सौहार्द को न बिगाड़ने की अपील की। वह रुस्तमनगर सहसपुर स्थित बैंकट हॉल में रविवार को सामाजिक सद्भाव समागम में संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में संदीप पांडे ने कहा कि आज के समय में किसानों को बहुत परेशानी है। छुट्टा पशु किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह तीन साल से छुट्टा पशुओं के प्रति अभियान चला रहे हैं। कहा कि आज के समय में गो हत्या अधिक हो रही हैं। सरकार ने गोशालाओं की व्यवस्था नहीं की है। कहीं गोशाला है तो उसमें पशु ज्यादा हैं। पशुओं को समय से चारा न मिलने की वजह से पशु भूखे मर रहे हैं। वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. राकेश रफीक ने कहा कि हिंदुस्तान एक ऐसा देश है जहां सभी धर्मों के लोग मिलजुल कर रहते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में अंग्रेजों ने हिंदुस्तान में राजनीति कर बड़े बदलाव किए।
इस दौरान शहर इमाम मौलाना सदाकत हुसैन, अशोक सिरोही, नेम पाल सिंह, निक्की चौधरी, रन सिंह भारती, गोरांश यादव, शिखा, रूपवती गौतम, रिंकल गौतम, हिमानी गौतम, अक्षय गौतम, अरुण गौतम, दीपांशु गौतम, अतुल गौतम, सुभद्रा गौतम, कपिलराज, संजू अम्बेडकर, डॉ. चरनसिंह, डॉ. जितेंद्र दक्ष, राजपाल सिंह, डॉ. राजेन्द्र यादव आदि मौजूद रहे।
'भारत के सबसे बड़े रक्षा घोटाले में प्रधानमंत्री की क्या भूमिका' पुस्तक का विमोचन किया
बिलारी। सामाजिक सदभाव समागम में पहुंचे मैग्सेसे अवार्ड विजेता ने प्रधानमंत्री पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब पूरा विपक्ष और खासकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी रफेल मामले पर सरकार से सवाल पूछते हैं तो सरकार पूरी तरह से बचती हुई नजर आती है। कहा कि जब सड़क बनाने का ठेका सरकार किसी को देती है तो उनसे कम से कम तीन साल का अनुभव मांगा जाता है, परंतु प्रधानमंत्री अपने दोस्त अंबानी को इतना अहम और सुरक्षा से जुड़ा ठेका दे देते हैं। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अपने चरित्र उद्योगपतियों को बैंकों से ऋण दिला रहे हैं और अभी कई हजार करोड़ का ऋण माफ भी कराया है उन्होंने पूरी तरह से संविधान को खत्म करने का आरोप लगाया है। इस दौरान उन्होंने 'भारत के सबसे बड़े रक्षा घोटाले में प्रधानमंत्री की क्या भूमिका' पुस्तक का विमोचन भी किया जिसमें रफेल घोटाले की चर्चा की गई है।
ये भी पढ़ें- मुरादाबाद : निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी भाजपा- समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण
