रुद्रपुर: महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने कंपनी के गेट पर रख दिया शव...10 दिन पूर्व सीढ़ियों से गिरकर हुई थी घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। विगत माह सिडकुल की दवा बनाने वाली कंपनी में सफाई करते वक्त सीढ़ियों से गिरी महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने कंपनी गेट पर शव को रखकर जमकर हंगामा काटा और कंपनी प्रबंधन पर उपचार करवाने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

प्रबंधन से मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत करवाने का प्रयास किया। बाद में प्रबंधन व मृतक के परिजनों के बीच मुआवजे को लेकर वार्ता हुई।

बताते चलें कि मूलरूप से पिपलसाना मिलक रामपुर निवासी 65 वर्षीय पूरन देवी सिडकुल सेक्टर-3 स्थित पिलको हेल्थ केयर लिमिटेड में साफ-सफाई का काम करती थी। बताया जा रहा है कि 31 मार्च को वह सीढ़ियों की सफाई कर रही थी कि अचानक पैर फिसलने के कारण वह नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों व कंपनी के श्रमिक महिला को जिला अस्पताल ले गए, जहां गंभीर होने पर चिकित्सकों ने बरेली राममूर्ति अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

हादसे के दस दिन बाद सोमवार को महिला की हालत बिगड़ने लगी और चिकित्सकों ने उसे घर ले जाने की सलाह दी। मगर महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जिसके बाद गुस्साए परिजन कंपनी गेट पर शव रखकर हंगामा काटना शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि जिस वक्त हादसा हुआ था।

उस समय कंपनी प्रबंधन ने अस्पताल पहुंचाने की बजाए उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया। आरोप था कि समय रहते घायल को बेहतर उपचार मिलता तो शायद उसकी जान नहीं जाती। परिजनों ने कंपनी प्रबंधन से मृतका के परिवार को 15 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करवाते हुए मुआवजे को लेकर प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच वार्ता करवाई।

 
31 मार्च को सीढ़ियों की सफाई करते वक्त सफाई कर्मी पूरन देवी चक्कर खाकर नीचे गिर गई थी और घायल हो गई थी। कंपनी प्रबंधन द्वारा तत्काल घायल को अस्पताल ले जाया गया और बेहतर उपचार देने का प्रयास किया। वहीं परिवार को सूचना देने के बाद उसकी देखभाल के लिए छोड़ दिया गया था। कंपनी प्रबंधन मृतक के परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव मदद की जाएगी।

-रमन गुलाटी, कंपनी स्वामी

 

संबंधित समाचार