किच्छा: कार-ट्रक की भिड़ंत में पूर्णागिरि से लौट रहे 9 श्रद्धालु घायल
किच्छा, अमृत विचार। पूर्णागिरि धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार की ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। घटना के बाद कोतवाली अंतर्गत हल्द्वानी मार्ग पर जाम लग गया। घटना में 9 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने आनन-फानन में सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना में घायल सभी श्रद्धालु मुरादाबाद के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार देर रात पूर्णागिरि धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार को कोतवाली अंतर्गत हल्द्वानी मार्ग पर प्राग फार्म गोकुल नगर क्षेत्र में सामने से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना में कार सवार सभी श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कार को टक्कर मारने वाला ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सीएससी किच्छा पहुंचाया। घायलों में सूरजनगर, मुरादाबाद निवासी राजपाल सिंह पुत्र रघुवीर सिंह, गोविंद नगर, मुरादाबाद निवासी सीमा पत्नी राजपाल सिंह, प्रदीप पुत्र सोहनलाल, आकांक्षा पुत्री राजपाल, सोनम पुत्री राजपाल, संगीता पत्नी स्वर्गीय मुकेश, मिनी पुत्री राजपाल, अंशिका पुत्री स्वर्गीय मुकेश तथा वाहन चालक कमला विहार, मुरादाबाद निवासी सतीश कुमार शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार कार चालक सतीश कुमार एवं सीमा को अत्यधिक चोट लगने के कारण दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी मनोज कुमार ने किच्छा कोतवाली एवं हॉस्पिटल पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली और गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को हायर सेंटर रेफर करने की व्यवस्था कराई। फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
