बस्ती: कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष अंकुर वर्मा पत्नी समेत सपा में हुए शामिल
बस्ती। नगरपालिका चुनाव का बिगुल बज चुका है। इसके साथ ही पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंकुर वर्मा व पूर्व नगर पालिका प्रत्याशी रह चुकीं उनकी पत्नी नेहा वर्मा ने सोमवार को समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। सोमवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम की मौजूदगी में अंकुर वर्मा व उनकी पत्नी नेहा वर्मा ने सैंकड़ों समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी ज्वाइन करने के बाद बस्ती पहुंचे अंकुर वर्मा ने पत्नी नेहा वर्मा के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री राम प्रसाद चौधरी से आशीर्वाद लिया। कहा कि समाजवादी पार्टी हर वर्ग को साथ लेकर चलती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। कांग्रेस पार्टी में राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर पर विभिन्न पदों पर रह चुके अंकुर वर्मा की धर्मपत्नी नेहा वर्मा ने 2017 में कांग्रेस के टिकट पर बस्ती नगरपालिका अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा था।
भाजपा प्रत्याशी रूपम मिश्रा को कड़ी टक्कर देते हुए उपविजेता बनी थीं। नेहा वर्मा कांग्रेस प्रदेश कार्यसमिति की सदस्य भी रह चुकी हैं। महिला सीट घोषित होने के साथ ही अंकुर वर्मा की पत्नी नेहा वर्मा लगातार दूसरी बार नगरपालिका अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गईं हैं।
इस बीच तेजी से बदले चुनावी समीकरण के बीच सोमवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में अंकुर वर्मा, नेहा वर्मा ने समर्थकों के साथ समाजवादी ज्वाइन कर ली। सपा में आने पर पूर्व कैबिनेट मंत्री रामप्रसाद चौधरी, सदर विधायक व सपा जिलाध्यक्ष महेन्द्र नाथ यादव, विधायक कप्तानगंज अतुल चौधरी, विधायक रुधौली राजेन्द्र चौधरी व समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
यह भी पढ़ें:-कानपुर: मुस्लिम युवक ने अपनाया हिंदू धर्म, रहमत अली बना रितिक, देखें Video
