अखिलेश ने BJP पर बोला हमला, कहा- सड़क निर्माण से लेकर दवाओं की खरीद तक हर स्तर पर भ्रष्टाचार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सड़क बनाने से लेकर दवाओं की खरीद तक में हर स्तर पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी है। अखिलेश यादव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि प्रत्येक जिले के निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार की परतें खुल रहीं हैं। ऐसा भ्रष्टाचार किसी सरकार में नहीं हुआ था। स्मार्ट सिटी और गंगा की सफाई के नाम पर जमकर लूट हुई है। 

भाजपा स्मार्ट सिटी के नाम पर शहरी जनता को धोखा दे रही है। शहरों में सफाई नहीं है। कई जिलों में जनप्रतिनिधियों ने सड़कों के निर्माण में हुए भ्रष्टाचार को सामने लाने का काम किया है। सत्ताधारी पार्टी के विधायक खुद अपनी ही सरकार के भ्रष्टाचार की पोल पत्र लिखकर खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों पर छुट्टा सांड घूमतें है। प्रदेश की हर सड़क, बाजार, हाई-वे, स्कूल, कॉलेज, खेतों में सांडों की भरमार है। सांडों के हमले में लोगों की मौत हो रही है। हर दिन हो रही इन मौतों के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। क्या भाजपा ने जनता को इसी तरह का स्मार्ट सिटी बनाने का सपना दिखाया था।

अखिलेश यादव ने कहा कि हजारों करोड़ खर्च हो गए लेकिन मां गंगा साफ नहीं हुई। शहर में नालों में गंदगी भरी पड़ी है। नालों का गंदा पानी नदियों में जा रहा है। भाजपा ने शहरों और नगरीय क्षेत्रों को कूड़ादान बना दिया है। केन्द्र और प्रदेश के साथ-साथ पिछले कई वर्शों के बड़े नगर निगमों में भाजपा काबिज है, लेकिन जनता के हित में कोई काम नहीं किया है। पिछले दिनों शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई के अभाव में मच्छर जनित गंभीर बीमारियां डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया फैला। बीमारियों से कई लोगों की जान चली गयी। शहरी क्षेत्रों में हालात यह है कि लोगों को पीने के लिए कई स्थानों पर साफ पानी नहीं मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के कुशासन, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से त्रस्त है। भाजपा सरकार की गलत नीतियों से आटा, दाल, चावल, दूध, तेल, दवाएं सब कुछ महंगा हो गया है। आम जनता को सफाई, शुद्ध पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाएं भी नहीं मिल रही है। शहरों की ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त है। भाजपा की डबल इंजन और ट्रिपल इंजन सरकार जनता को झूठे सपने दिखाकर बजट का बंदरबांट कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता नगर निकाय चुनाव और उसके बाद लोकसभा चुनाव में भाजपा के कुशासन का करारा जवाब देगी।

यह भी पढ़ें:-जनता का विश्वास जीतकर निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी भाजपा: धर्मपाल सिंह

संबंधित समाचार