Kanpur: नहर सफाई न होने से नाराज लोगों ने किया चुनाव का बहिष्कार, बोले- 100 परिवार नहीं करेंगे मत का प्रयोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में वार्ड 18 के लोगों ने नहर सफाई व सिल्ट उठान लोगों ने चुनाव का बहिष्कार किया।

कानपुर में वार्ड 18 के केशव नगर मोहल्ले के 100 नागरिकों ने निकाय चुनाव में वोट डालने से इंकार किया। लोगों ने नहर सफाई व सिल्ट उठान नहीं होने से नाराज लोगों ने चुनाव का बहिष्कार किया। क्षेत्रीय लोगों ने प्रदर्शन कर पक्की नहर व साफ-सफाई की मांग की।

कानपुर, अमृत विचार। निचली गंगा नहर को सीवर में तब्दील करने व नहर के सफाई के बाद सिल्ट की उठान न होने से केशव नगर मोहल्ले के बाशिंदों ने मंगलवार को नहर विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर निकाय चुनाव में मतदान बहिष्कार करने की घोषणा कर दी। प्रदर्शन के दौरान बताया कि पक्की नहर व सिल्ट उठान न होने तक 100 परिवार आगामी चुनावों में मत का प्रयोग नहीं करेंगें।

नहर सफाई के बाद सिल्ट घरों के बाहर जमा करने से नाराज लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। जब तक पक्की नहर नहीं, गंदगी सिल्ट का स्थायी समाधान नहीं तब तक मतदान नहीं स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर वार्ड 18 के केशव नगर नहर पटरी के किनारे बसे लोगों ने नहर विभाग के अधिकारियों के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित लोगों ने बताया कि निचली गंगा नहर किनारे बसी अवैध बस्तियों का सीवर का गंदा पानी बहाया जाता है, जिससे नहर नाले के रूप में तब्दील हो चुकी है।

नहर सफाई के बाद विभागीय अधिकारी घरों के बाहर सिल्ट को जमा करवा देते है, जिससे संडाध की वजह से घरों से निकलना दूभर है। प्रदर्शन के दौरान केशव नगर निवासी परमदेव, महेश प्रसाद, गोपाल गुप्ता, महेश शुक्ला, राजेश कुमार ने बताया कि नहर विभाग व सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मिलकर अवैध बस्तियों को हटाने व नहर को पक्का किए जाने की मांग की गई, लेकिन विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं की गई।

किरन सागर, सीमा श्रीवास्तव व संध्या ने बताया कि सफाई के बाद महीनों तक सिल्ट घरों के बाहर जमा रहती है, जिससे बच्चों में संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडराता रहता है। समस्या का समाधान कराने के लिए पत्राचार के माध्यम से कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया है, लेकिन निराकरण आज तक नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि समस्या का निदान न होने तक नहर किनारे बसे करीब सौ परिवार आगामी चुनावों का बहिष्कार करेंगें।

संबंधित समाचार