रायबरेली: खेत में फसल काटने गए युवक की पीटकर हत्या, पत्नी और साढ़ू पर लगा आरोप
डलमऊ/ रायबरेली, अमृत विचार। खेत में फसल काटने गए एक युवा किसान की लाठी-डंडों से पीटकर निर्मलता पूर्वक हत्या कर दी गई है। बुधवार की सुबह उसका शव खेत से बरामद हुआ है। मामले में परिजन उसकी पत्नी और उसके साढ़ू पर हत्या करने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है ।
मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव पूरे राना मजरे नरसवा का है। गांव के रहने वाले गज्जू ( 28 वर्ष) पुत्र कल्लू मंगलवार की शाम को खेत में गेहूं की फसल काटने गए थे। देर रात तक जब वो फिर से वापस नहीं आए ,तब परिजन उनकी खोजबीन करने लगे। किंतु रात में उनका कोई सुराग नहीं लग पाया था। बुधवार की सुबह जब परिजन पुनः उनकी खोज करते खेत पहुंचे तो खेत में उसका शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उसकी लाठी-डंडों से पीटकर हत्या की गई है ।मृतक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मामले की सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक का उसके पत्नी से विवाद चल रहा था। उसकी पत्नी बिटाना काफी समय से मृतक के साढू रजनू के यहां रह रही है। परिजनों का कहना है कि इसी विवाद में मृतक के साढू और उसकी पत्नी ने मिलकर उसकी हत्या की है ।परिजनों के आरोप के बाद पुलिस ने मृतक के पत्नी और उसके साढू को हिरासत में लिया है ।
अपर पुलिस अधीक्षक नवीन कुमार सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की है ।पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत करके उसकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ।घटना के विभिन्न बिंदुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें - फतेहपुर: 20 वर्षीय युवती का झाड़ियों में मिला अर्धनग्न शव, दुष्कर्म की जताई आशंका
