बरेली: वार्ड-20 गंदा पानी...कई समस्याओं से परेशान, लोग बोले- जो मुद्दे पर करेगा काम वही हासिल करेगा जीत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। निकाय चुनाव का बिगुल बच चुका है। प्रत्याशियों ने वार्ड के लोगों को रिझाने का काम शुरू कर दिया है, लेकिन इस बार वार्ड में मुद्दा वहां की प्रमुख समस्या बनेगा। जिसको लेकर वार्ड के लोगों ने अपना मन बना लिया है। जो उनके मुद्दे पर काम करने की हामी भरेगा। वही जीत हासिल कर पाएगा।
 
निकाय चुनाव की तिथि की घोषणा होने के बाद अब चुनाव को लेकर सरगर्मियां बढ़ गई हैं, जिसको लेकर अमृत विचार की टीम ने वार्ड के हालात जानने के लिए वार्ड 20 आजम नगर का मुआयना किया। यहां रहने वाले लोगों से वार्ड के हालात को जाना। वार्ड 20 के लोगों ने बताया कि उनके वार्ड में सबसे बड़ी समस्या पानी की है। लंबे समय से वह इस समस्या को झेल रहे हैं। 
जब शहर स्मार्ट हो रहा है तो उनका वार्ड भी स्मार्ट होना चाहिए। साफ-सफाई को लेकर बताया कि कुछ जगह कूड़ा उठने के बाद क्षेत्र के लोग वहां कूड़ा डालकर वार्ड को गंदा करते हैं। उसके बाद वार्ड 20 के ही सिकलापुर में जाकर लोगों से बात की तो उन्होंने बताया कि वह ऐसे व्यक्ति को वोट देंगे जो उनके क्षेत्र में विकास कार्य कराए। हालांकि मौजूदा पार्षद ने भी उनके क्षेत्र में काम कराया। उनका मुद्दा सड़कों पर गंदगी ओर पानी था, जिसको लेकर उन्होंने बताया कि सड़कों को लेकर उनके क्षेत्र में काम कराया गया है, लेकिन उनकी सफाई करने कोई नहीं आता। काफी समय से सरकारी नल खराब हैं। उसको भी सही नहीं कराया गया। 

जगह जगह लगे कूड़े के ढेर दे रहे बीमारियों को दावत
वार्ड 20 के लोगों का कहना है कि जगह-जगह गंदगी का ढेर बीमारियों को दावत दे रहा है। कई जगह तो कूड़ा उठाने वाला ही नहीं आता। नालियों के गंदे पानी में मच्छर आदि पनपने से संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। यहां तक की उनके क्षेत्र में लंबे समय से दवा का छिड़काव तक नहीं कराया गया है। जिस कारण वह लोग मच्छरों से परेशान हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली: वार्ड-20 गंदा पानी...कई समस्याओं से परेशान, लोग बोले- जो मुद्दे पर करेगा काम वही हासिल करेगा जीत

संबंधित समाचार