बरेली: पहले तारीखों में फंसी उड़ान, अब दो कंपनियों के बीच
बरेली,अमृत विचार। सिविल एंक्लेव से हवाईजहाज की उड़ान आसान नहीं दिख रही है। करीब डेढ़ साल तक उड़ान तारीखों में फंसी रही। अब दो कंपनियों के बीच फंसती दिख रही है। सिविल एंक्लेव से अब उड़ान टर्बो एविएशन शुरू कराएगा या एलाइंस एयर। इसको लेकर असमंजस की स्थिति बनी है। टर्बो का करार अभी रद …
बरेली,अमृत विचार। सिविल एंक्लेव से हवाईजहाज की उड़ान आसान नहीं दिख रही है। करीब डेढ़ साल तक उड़ान तारीखों में फंसी रही। अब दो कंपनियों के बीच फंसती दिख रही है। सिविल एंक्लेव से अब उड़ान टर्बो एविएशन शुरू कराएगा या एलाइंस एयर। इसको लेकर असमंजस की स्थिति बनी है। टर्बो का करार अभी रद नहीं हुआ है। हालांकि, एलाइंस एयर के अधिकारियों के दौरे को एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी अच्छे संकेत मान रहे हैं मगर मौजूदा स्थिति को नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता है।
बात मार्च, 2019 की है। लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर थीं। इसी बीच ‘उड़े देश का आम नागरिक’ योजना के तहत मुड़िया अहमदनगर में सिविल एंक्लेव (बरेली एयरपोर्ट) का उद्घाटन किया गया तो हर किसी के दिल में ‘उड़ान’ शुरू होने की उम्मीद जगी लेकिन वह उम्मीद आज भी सपनों में तैर रही है। हवाईजहाज उड़ाने के लिए पहले जेट एयरवेज ने हामी भरी। इसके बाद जेट दिवालिया हो गई। कई माह इसी उम्मीद में गुजर गए कि अब कोई कंपनी हाथ बढ़ाएगी लेकिन वर्ष 2019 के अंतिम दिनों तक एक भी कंपनी आगे नहीं आई।
वर्ष 2020 शुरू होने के साथ उड़ान की उम्मीद तब और ताजा हो गई कि लखनऊ में डिफेंस एक्सपो में टर्बो एविएशन कंपनी ने हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) से दो डार्नियर विमान लीज पर लेने के लिए अनुबंध किया और बरेली से उड़ान शुरू कराने की हामी भरी। तेजी से काम हुआ। टर्बो के अधिकारियों ने यहां कई दौरे कर व्यवस्थाएं परखीं। इसके साथ 20 अप्रैल उड़ान की तारीख तय कर दी।
मार्च में कोरोना काल शुरू होने से उड़ान की तारीख आगे खिसक गई। अनलॉक-1 लागू होने पर टर्बो एविएशन ने बरेली की तरफ झांककर भी नहीं देखा। बुधवार को एलाइंस एयर के अधिकारियों ने सिविल एंक्लेव का दौरा कर व्यवस्थाएं परखीं, तब यह संकेत मिले कि टर्बो भी साइट होने वाली है। इसलिए इंडियन एयरलाइंस की सहयोगी कंपनी एलाइंस एयर ने इस ओर रुख किया है। एयरपोर्ट के सूत्र बताते हैं कि टर्बो कंपनी से अभी तक करार नहीं तोड़ा है। इसलिए यह नहीं कह सकते कि अब एलाइंस एयर ही उड़ान शुरू कराएगी।
उड्डयन मंत्रालय के निर्देश पर तय होगी आगे की कार्ययोजना
देश के 54 गंतव्यों के लिए उड़ान की सेवाएं देने वाली एलाइंस एयर के अधिकारियों ने सिविल एन्क्लेव के टर्मिनल, रनवे, लॉबी, पोर्टा केबिन का निरीक्षण किया था। करीब पांच घंटे तक एयर टर्मिनल की व्यवस्थाएं परखीं। त्रिशूल एयरबेस के अधिकारियों से भी बात की थी। व्यवस्थाएं देखकर अफसरों ने संतोष जताया। दिल्ली लौटे अधिकारी अपनी रिपोर्ट उड्डयन मंत्रालय को सौंपेगे। इसके बाद आगे की कार्ययोजना तय होगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी एलायंस एयर के इस दौरे को बहुत सकारात्मक ले रही है। उड़ान शुरू होने का इंतजार अब खत्म होने के करीब है। 150 करोड़ की लागत से दो एयर टर्मिनल बनाए गए हैं।
“अभी टर्बो एविशन कंपनी का करार रद नहीं हुआ है। बरेली से उड़ान कराने में टर्बो एविएशन भी लगा है। एलाइंस एयर के अधिकारियों ने जो दौरा किया है, उसको भी सकारात्मक तरीके से देखा जा रहा है।” -राजीव कुलश्रेष्ठ, महाप्रबंधक, सिविल एंक्लेव
