Pilibhit: चुनाव जीतने के लिए  ‍BJP नेता परोसने वाले थे मदिरा, वाहन से 11904 पौवे, 576 बोतल और 8 लीटर मिलावटी शराब बरामद, जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुलिस ने आबकारी निरीक्षक की ओर से एफआईआर दर्ज कर की कार्रवाई, नगर निकाय चुनाव में इस्तेमाल होनी थी शराब, तीन फरार

पीलीभीत, अमृत विचार: नगर निकाय चुनाव में वोटरों को रिझाने के लिए मंगवाई गई शराब की बड़ी खेप आबकारी और बरखेड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद पकड़ी गई। मुखबिर से मिली सूचना पर टीम ने दबिश देकर भाजपा नेता समेत दो लोगों को धर दबोचा, जबकि तीन आरोपी फरार हैं।

ये भी पढ़ें - Pilibhit: सपा नेता ने खुलेआम उड़ाईं आचार संहिता की धज्जियां, महिलाओं को बुला-बुलाकर बांटे सूट, देखें वीडियो

दिनभर चली पड़ताल के बाद आबकारी निरीक्षक से मिली तहरीर पर संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई से खलबली मची रही। जनपद में नगर निकाय चुनाव को लेकर 11 मई को मतदान होना है। दावेदार टिकट पाने की जद्दोजहद के साथ ही वोटरों को रिझाने के लिए अभी से हर संभव जतन कर रहे हैं।

आचार संहिता लागू होने के बाद पुलिस प्रशासन भी इसका पालन कराने के लिए सक्रिय है। इसी क्रम में आबकारी टीम और बरखेड़ा पुलिस को सूचना मिली कि नवाबगंज की तरफ से एक ट्रक में अवैध शराब लाई जा रही है। बरखेड़ा में ही नगर निकाय चुनाव के किसी उम्मीदवार को इसकी सप्लाई होनी है।

नवाबगंज मोड़ पर बरखेड़ा के व्यक्ति को इसकी डिलीवरी दी जाएगी। इसे गंभीरता से लेते हुए आबकारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार, शैलेंद्र कुमार, राम अवध, दीपक कुमार, एसओ बरखेड़ा ब्रजवीर सिंह ने टीम के साथ बहादुरपुर हुकमी जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। उसके बाद जैसे ही डिलीवरी लेने को व्यक्ति आया तो टीम ने दबिश दे डाली। वाहन के चालक उत्तराखंड के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के गदरपुर निवासी बाबू पुत्र लईक अहमद और भाजपा नेता श्याम बिहारी भोजवाल को धर दबोचा।

चेक करने पर ट्रक से भारी मात्रा में अवैध शराब की बरामदगी की गई। दोनों को पकड़कर टीम थाना बरखेड़ा ले आई। फिर दिनभर मामले में छानबीन चलती रही। आबकारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार की ओर से पकड़े गए आरोपी भाजपा नेता श्याम बिहारी भोजवाल, बाबू के अलावा रामपुर निवासी बलजीत सिंह, बरेली निवासी गोपाल, रोशन के खिलाफ धारा  272, 467, 468, 471 आईपीसी वा आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई।

पकड़े गए दोनों आरोपियों को चालान कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया। इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मानते हुए अफसरों ने टीम की सराहना कर इसी तरह से अलर्ट रहने के निर्देश दिए।

मामला मेरे संज्ञान में नहीं: संजीव: भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। श्याम बिहारी भोजवाल पार्टी कार्यकर्ता है। उनके द्वारा चुनाव में टिकट के लिए आवेदन किया गया था।

निकाय चुनाव को लेकर आचार संहिता का पालन कराने के लिए टीम अलर्ट हैं। इसी क्रम में सूचना मिलने के बाद दबिश दी गई थी। दो लोग गिरफ्तार कर जेल भेजे गए हैं। मामले में सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। - अतुल शर्मा, एसपी

ये भी पढ़ें - Pilibhit: कहां हैं एक्सईएन साहब! अब पूरनपुर में हो गया लाखों का घोटाला, हाथों से ही उखड़ रही सड़क, देखें VIEDO

संबंधित समाचार