हल्द्वानी: आईएसबीटी के निर्माण में गंभीरता दिखाए सरकार
व्यापारियों व ट्रांसपोर्टरों ने बैठक में उठाई मांग, कहा-टीपीनगर चौकी को बनाया जाए थाना
हल्द्वानी, अमृत विचार। देवभूमि व्यापार मंडल व कुमाऊं ट्रांसपोर्ट यूनियन संयुक्त मोर्चा की एक बैठक शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट नगर में हुई। इसमें व्यापारियों ने सरकार से आईएसबीटी के निर्माण में गंभीरता दिखाने तथा टीपीनगर चौकी को थाना बनाने की मांग की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सात वर्षों से आईएसबीटी का निर्माण अधर में लटका है, जो चिंता का विषय है। शहर की यातायात व्यवस्था बदहाल होती जा रही है। मुख्य बाजार, नैनीताल रोड, कालाढूंगी रोड, बरेली रोड पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। आईएसबीटी बनने से शहरवासियों को काफी हद तक जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
व्यापार मंडल के कुमाऊं मंडल प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा ने बैठक में ट्रांसपोर्ट नगर चौकी को थाना बनाने की मांग रखी। कहा कि चौकी का निर्माण यातायात नगर की देखरेख व शांति व्यवस्था के लिए किया गया था, लेकिन वर्तमान में चौकी का कार्यक्षेत्र काफी बढ़ा दिया गया है।
क्षेत्र में अपराधिक घटनाओं पर रोक तथा यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए चौकी को थाने का दर्जा दिया जाना चाहिए। मांग करने वालों में अध्यक्ष राजकुमार सिंह नेगी, पंडित दया किशन शर्मा, ललित रौतेला, सौरभ अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल आदि मौजूद थे।
