साकार करें भारत को विकसित करने का विजन : डॉ. हिमांशु

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। प्रधानमंत्री का विजन भारत को 25 वर्ष में सबसे विकसित देश बनाना है। इस विजन को मिलकर साकार करना है। वैज्ञानिकों को सीमित स्रोतों के साथ एक बहुत ही केंद्रित तरीके से काम करना है। कुछ वर्ष के अंदर वैज्ञानिकों के अधिकांश रिक्त पद भरे जाएंगे। यह बातें कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग, भारत सरकार के सचिव व भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के महानिदेशक डॉ. हिमांशु पाठक ने कही।

शुक्रवार को डॉ. हिमांशु ने कैंट स्थित भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान का यहां के निदेशक डॉ. आर विश्वनाथन के साथ भ्रमण किया। सबसे पहले भारतरत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद अभियंत्रण प्रयोगशाला का उदघाटन किया। कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश कुमार दुबे ने गुड़ आधारित उत्पादों की जानकारी दी। निदेशक डॉ. विश्वनाथन ने कहा कि भारत ने ब्राजील को पछाड़ कर विश्व में सर्वोच्च चीनी का उत्पादक किया है और दुनिया के दूसरे सबसे बड़े चीनी निर्यातक के रूप में उभरकर 40 हजार करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा अर्जित की है। 

उप महानिदेशक (मत्स्य) डॉ. जेके जेना ने जिले में स्थित सभी आईसीएआर संस्थानों के बीच अनुसंधान और अन्य सुविधाओं पर जोर दिया। अंत में डॉ. हिमांशु ने संस्थान के विभिन्न प्रयोगशालाओं का दौरा किया। परिसर में पौधरोपण भी किया। इसके बाद डॉ. हिमांशु ने कृषि विज्ञान केंद्र में जिले के उद्यमियों द्वारा बनाए गए रागी मशरूम कुकीज, मशरूम चॉकलेट व आईआईएसआर  की गुड़ इकाई द्वारा बनाए गए गेहूं आधारित गुड़ बिस्कुट जैसे तीन उत्पादों की इकाई की शुरुआत की।

यह भी पढ़ें : देश को एकता के सूत्र में बांधने के लिए आगे आयें युवा : संजय श्रीहर्ष

संबंधित समाचार