चित्रकूट: स्थगनादेश की वजह से फिलहाल नहीं होगी पुनर्मतगणना, एसडीएम कोर्ट ने दिए थे Recounting के आदेश
नांदिन कुर्मियान में प्रधान पद के चुनाव का चर्चित मामला
अमृत विचार, रामनगर-राजापुर/ चित्रकूट। रामनगर ब्लाक अंतर्गत नांदिन कुर्मियान गांव में शनिवार को होने वाली प्रधान पद के चुनाव संबंधी पुनर्मतगणना फिलहाल नहीं होगी। इलाहाबाद हाईकोर्ट के स्थगनादेश की वजह से ऐसा किया जा रहा है। नांदिन कुर्मियान प्रधान पद के चुनाव का यह चर्चित मामला है, जिसमें एसडीएम कोर्ट ने पुनर्मतगणना के आदेश दिए थे।
गौरतलब है कि लगभग दो साल पहले हुए प्रधान पद के चुनाव में मनीषा सिंह पत्नी कैलाश सिंह की जीत हुई थी। इस संबंध में दूसरे नंबर पर रहीं कौशिल्या देवी पत्नी राजकुमार ने आरोप लगाया था कि जीते उम्मीदवार ने मिलीभगत कर बिजली गुल करा दी और धांधलेगर्दी कर मतगणना की गई, जिससे उसकी 24 मत से हार हो गई। उसने उप जिलाधिकारी के न्यायालय में इस संबंध में वाद भी दायर किया था। छह अप्रैल को इस संबंध में न्यायालय उप जिलाधिकारी ने उप्र पंचायती राज अधिनियम 1947 अंतर्गत धारा 12 ग के तहत वादी कौशल्या देवी का दावा स्वीकार करते हुए पुनर्मतगणना के आदेश जारी किए थे। एसडीएम प्रमोद झा ने मतगणना की तिथि 15 अप्रैल तय की थी। उधर, विजयी रही प्रत्याशी मनीषा सिंह को 13 अप्रैल को हाईकोर्ट इलाहाबाद से एसडीएम कोर्ट के आदेश पर स्थगनादेश मिल गया।
बीडीओ रामनगर सुनील सिंह ने बताया कि अब 15 अप्रैल को होने वाली पुनर्मतगणना फिलहाल नहीं होगी। एसडीएम राजापुर ने भी बताया कि हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन किया जाएगा। पुनर्मतगणना फिलहाल नहीं होगी।
ये भी पढ़ें - हरदोई: फंदे पर लटके मिले पति-पत्नी के शव, 28 फरवरी को हुई थी शादी
