अयोध्या: त्रिपुंडधारी युवक पर बच्चा चोरी के प्रयास का आरोप, होते-होते बचा बवाल
अयोध्या, अमृत विचार। नगर कोतवाली क्षेत्र के राठहवेली इलाके में शुक्रवार की रात बच्चा चोरी के शक में बवाल होते-होते बचा। स्थानीय लोगों ने एक त्रिपुंडधारी युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया है। बच्ची के चाचा ने युवक के खिलाफ बच्चा चोरी के प्रयास का केस दर्ज कराया है।
बताया गया कि राठहवेली मोहल्ले में शुक्रवार की रात स्थानीय लोगों ने एक अपरिचित युवक को मोहल्ला निवासी एजाज की पुत्री को गोद में उठाये देखा। परिवार के चीख-पुकार और हल्ला-गुहार पर आस-पास के लोग एकत्र हो गये और त्रिपुंडधारी युवक को पकड़ लिया। बच्चा चोरी की खबर फैली तो मौके पर मजमा जुट गया। इसी बीच किसी ने मामले की खबर पुलिस को दी तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोपी युवक के पास से उसका आधार कार्ड, फोटो और पासबुक खोलवाने का कागज मिला है।
युवक ने अपना नाम-पता अंकित तिवारी निवासी थाना अहिरौली जनपद अंबेडकरनगर बताया है। युवक का कहना है कि वह क्षेत्र में ही दिल्ली दरवाजा निवासी एक परिचित से मिलने आया था, लेकिन वह घर पर नहीं मिले। वह वापस लौट रहा था तो देखा कि बच्ची रो रही है, इसके बाद उसने बच्ची को गोद में उठा लिया। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि बच्ची नें छोडने और नीचे उतारने के लिये कई बार कहा, लेकिन युवक ने नहीं छोडा। बच्ची की चीख-पुकार और रोने की आवाज के बाद मामला आसपास के लोगों की नजर में आया। बच्ची एजाज की है, जो दमन में रोजी रोजगार के सिलसिले में है और बच्ची अपने चाचा-चाची और दादा के साथ रहती है।
नगर कोतवाल अश्विनी पांडेय ने बताया कि बच्ची के चाचा रियाज अहमद निवासी इमामबाड़ा राठ हवेली की शिकायत पर युवक के खिलाफ बच्चा चोरी के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़ें -कब्रिस्तान पहुंची दो महिलाओं से पूछताछ शुरू, कोर्ट में अतीक की अर्जी से पहले ही दफनाया गया असद का शव
