शाहजहांपुर: गर्रा नदी पुल से नीचे गिरी ट्रैक्टर ट्राली, बच्चों-महिलाओं समेत 13 की मौत, सीएम ने जताया दुख

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख का एलान, गंभीर घायलों को मिलेगी 50 हजार रुपये की धनराशि

शाहजहांपुर, तिलहर, अमृत विचार। थाना तिलहर के गांव सुनौरा अजमतपुर में शनिवार से ही शुरू हो रही भागवत कथा के लिए गंगाजल लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली पुल की रेलिंग को तोड़कर नदी में जा गिरी, जिससे बच्चों और महिलाओं समेत 13 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए। घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर में भर्ती कराया गया है। इनमें कई लोगों की हालत गंभीर बताई गई है।

घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। इधर, डीएम उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि शासन द्वारा मृतकों के परिजनों को दो लाख और गंभीर घायलों को 50 हज़ार की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। विधानसभा ददरौल में स्थित गांव सुनौरा अजमतपुर में हर साल बाग में भागवत कथा का आयोजन किया जाता है।

15 अप्रैल से भागवत कथा शुरू होनी थी, जिसके लिए दोपहर करीब दो बजे के बाद गांव के लोग ट्रैक्टर ट्राली, कारों व बाइकों से तिलहर-निगोही रोड से निकली गर्रा नदी में जल भरने जा रहे थे। ट्रैक्टर चालक ने पुल पर दूसरे ट्रैक्टर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरी। हादसे से पहले ट्रैक्टर चालक पुल पर ही कूदकर भाग निकला।

पुल के ऊपर से गुजर रहे लोग भी ट्राली को नीचे गिरते देख सिहर उठे। देखते ही देखते चीख पुकार मच गई। दूसरी ट्रालियों और वाहनों पर सवार लोग नीचे पहुंचे और मंजर देख सिहर उठे। ट्राली में से घायलों को काफी मशक्कत निकाला। कुछ लोगों ने मशक्कत कर ट्राली को सीधा किया इस दौरान एसपी एस. आनंद और एएसपी ग्रामीण संजीव कुमार वाजपेयी ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

बाद में सीएचसी और राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज दौरान मौतों से मृतक संख्या 13 पहुंच गई। उधर डीएम उमेश प्रताप सिंह ने भी मौका मुआयना किया। बाद में कमिश्नर सौम्या अग्रवाल एडीजी पीसी मीना, आईजी जोन डॉ. राकेश सिंह भी मौके पर पहुंचे और राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल जाना। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी हादसे की खबर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हाल जाना तो मृतक आश्रितों को ढाढस बंधाया।

ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज: कोतवाल राजकुमार शर्मा ने बताया कि गांव निवासी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से ट्रैक्टर चालकर दुर्घटना करने और गैर इरादतन हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

हादसे में इनकी हुई मौत -

1. पुष्पा देवी (50 वर्ष) पत्नी प्रमोद सिंह
2. साजन तिवारी (16 वर्ष) पुत्र सर्वेश
3. कल्लू (15 वर्ष) पुत्र रामचंद्र सिंह
4. गोलू (10 वर्ष) पुत्र अशोक सिंह
5. अंशिका (18 वर्ष) पुत्री जितेंद्र सिंह
6. काजल (15 वर्ष) पुत्री सर्वेश सिंह
7. शालू  (10 वर्ष) पुत्री विपिन सिंह
8. रूपवती (60 वर्ष) पत्नी आशाराम
9. शिवानी (20 वर्ष) पुत्री मुरारी
10. अमित तिवारी (10 वर्ष) पुत्र मुरारी
11. लक्ष्य (7 वर्ष) पुत्र प्रेम मोहन
12. शोभा (13 वर्ष) पुत्री अमित
13. हर्ष (16 वर्ष) पुत्र प्रदीप

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: शिवम जौहरी हत्याकांड में सूरी ट्रांसपोर्ट मालिक समेत चार आरोपी गिरफ्तार 

 

संबंधित समाचार