चरणजीत सिंह चन्नी तुष्टिकरण की कर रहें हैं राजनीति : मलविंदर सिंह कंग

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) ने कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधते हुए कहा कि चन्नी तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं। आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने शनिवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चन्नी न केवल मुख्यमंत्री थे बल्कि इससे पहले वह विपक्ष के नेता, कैबिनेट मंत्री और खरड़ नगर निगम के अध्यक्ष भी थे।

ये भी पढ़ें - मुझे टिकट न देने का असर कर्नाटक में 20-25 सीटों पर पड़ेगा : जगदीश शेट्टार

लेकिन, अब जब विजिलेंस उनसे उनके भ्रष्टाचार के बारे में पूछताछ करने जा रही है तो वह एक गरीब का कार्ड खेल रहे हैं। कंग ने कटाक्ष करते हुए चन्नी से पूछा कि कौन सा गरीब है जो महीनों विदेश में रहता है। अमेरिका से इलाज करवाता है और अपने बेटे के 5 स्टार विवाह समारोह आयोजित करता है। कंग ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ मान सरकार का आंदोलन एक साल से चल रहा है और कई भ्रष्टाचारी नेताओं और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है।

विजिलेंस भ्रष्ट लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और उनकी कार्रवाई किसी समुदाय या धर्म को लक्षित करने के लिए नहीं है। कंग ने कहा कि यह कांग्रेस की मानसिकता है क्योंकि उन्होंने 70 साल से देश के गरीब लोगों को वोट के लिए इस्तेमाल किया है। वर्ष 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव के दौरान अपनी 10 करोड़ की संपत्ति का जिक्र करने वाले चन्नी गरीब नहीं हैं।

 कंग ने कहा कि बैसाखी और अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर चन्नी द्वारा उनके गरीब होने और अनुसूचित जाति से होने का नाटक निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह गुरु साहिब की शिक्षा के विपरीत है जिन्होंने हमें समानता की शिक्षा दी और डॉक्टर भीम राव अंबेडकर के संविधान के विपरीत है जिन्होंने सभी के लिए समान अधिकार और अवसर सुनिश्चित किए।

कंग ने कहा कि इन लोगों ने गरीब लोगों का वोट लिया और फिर उनके लिए कुछ नहीं किया, लेकिन अपने भ्रष्टाचार के कारण वे अब करोड़पति हैं एवं उनके अपने महल हैं। उन्होने कहा कि अगर श्री चन्नी वास्तव में एससी समुदाय के हमदर्द थे तो उन्होंने एससी छात्रवृत्ति घोटाले के लिए जिम्मेदार नेताओं और अधिकारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की। 

ये भी पढ़ें - वंदे भारत ट्रेनों से कैसे अलग है ये मेट्रो? पढ़ें रिपोर्ट..  

संबंधित समाचार