हल्द्वानी: सड़क हादसे में घायल सेना के जवान की मौत
हल्द्वानी, अमृत विचार। छुट्टी लेकर घर लौट रहे सेना का जवान सड़क हादसे में गंभीर रूप घायल हो गया था। उपचार के बाद उनकी फिर हालत बिगड़ी तो ऑपरेशन किया गया, लेकिन उन्हें फिर होश नहीं आया और लंबे अंतराल के बाद उनकी मृत्यु हो गई। देर रात सैनिक का पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचा तो कोहराम मच गया।
मृतक जवान के भाई अशोक पांडेय ने बताया कि हल्द्वानी पंचायत घर के निकट किशनपुर घुड़दौडा निवासी जगदीश पांडेय पुत्र स्व. लीलाधर पांडेय कुमाऊं रेजिमेंट्स मेरठ में तैनात थे। कुछ माह पूर्व वह छुट्टी लेकर घर लौट रहे थे, लेकिन गजरौला के पास वह सड़क हादसे का शिकार हो गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर अवस्था में जगदीश को दिल्ली के आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उपचार के बाद वह घर लौट आए, लेकिन कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत फिर बिगड़ने लगी। उन्होंने जांच कराई तो डॉक्टरों ने ट्यूमर की पुष्टि की और ऑपरेशन कराने की सलाह दी। इसके बाद उनका ऑपरेशन किया गया, लेकिन ऑपरेशन के बाद उन्हें होश नहीं आया और गुरुवार को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। शुक्रवार देर रात जवान का पार्थिव शरीर घर पहुंचा तो परिवार में मातम छा गया। शनिवार को जगदीश के पार्थिव शरीर की अंत्येष्टि की गई। जगदीश वर्ष 2001 में सेना में भर्ती हुए थे। उनकी पत्नी ममता और बेटा-बेटी पंचायत घर स्थित अपने मकान में रहते हैं। बेटी की उम्र महज छह माह है।
