देहरादून: 18 को Yellow Alert तो 19 को भारी से Heavy Rain Alert

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। उत्तराखंड राज्य में तापमान चढ़ते ही आंधी और बारिश का यलो व ऑरेंज अलर्ट जारी हो गया है। मौसम विभाग ने 20 अप्रैल तक मौसम बिगड़े रहने का अनुमान जताया है। इनमें 19 अप्रैल को 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी से भारी बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। 

राज्य के अधिकांश जनपदों में रविवार को मौसम काफी गर्म रहा। हवाओं की गति 15-20 किलोमीटर घंटा रही तो मौसम साफ होने पर बेहतर दृश्यता रही। पर्वतीय जिलों के मुकाबले मैदानी इलाकों में 10 डिग्री तक तापमान ज्यादा दर्ज किया गया। दोपहर 3.30 बजे के अधिकतम तापमान की बात करें तो हल्द्वानी में 36, देहरादून में 33, पिथौरागढ़ में 28, टनकपुर में 36, हरिद्वार में 37, नैनीताल में 25, रुद्रपुर में 38, काशीपुर में 38, पौड़ी में 27, चमोली में 24, अल्मोड़ा में 27, उत्तरकाशी में 26, धारचूला में 24 और बागेश्वर में 30 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बागेश्वर, धारचूला, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, चमोली, पौड़ी, पिथौरागढ़ में न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री के बीच तो नैनीताल में 12-15 डिग्री के बीच रहा। 

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, 18 अप्रैल को राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों तथा गढ़वाल मंडल के शेष जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इस दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। यानी इस दिन अपडेट रहने की सलाह दी गई है। 
इसके अलावा 19 अप्रैल को राज्य के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं तेज बौछार के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

राज्य के जिलों में कहीं-कहीं तेज हवाओं/झक्कड़ (30-40 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है। इस दिन के लिए यलो और ऑरेंज दोनों तरह के अलर्ट को जारी किया गया है, यानी किसी भी परिस्थति के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा 20 अप्रैल को राज्य के जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना जतायी गयी है। राज्य के जिलों में कहीं-कहीं तेज हवाओं/झक्कड़ (30-40 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है। इस दिन के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया गया है।

संबंधित समाचार