बदायूं: नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन कल से, तैयारी शुरू
बदायूं, अमृत विचार। जिले में नगर निकाय चुनाव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। दो दिन बाद 17 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। इसको लेकर नामांकन स्थलों पर बेरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्थाएं की जा रही हैं। शहर में मंडी समिति में नामांकन किए जाएंगे। जहां बेरिकेडिंग की जा रही है। शनिवार को डीएम मनोज कुमार व एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने शनिवार को बिसौली स्थित मण्डी समिति जाकर नामांकन स्थल का जायजा लिया। जहां उन्होंने बेरिकेडिंग व अन्य सुरक्षा व्यवस्था देखी। पिंक बूथों को भी देखा गया।
जनपद में 17 से 24 अप्रैल के बीच नामांकन पत्र खरीदने के साथ जमा किए जाएंगे। नामांकन की अन्तिम तिथि 24 अप्रैल है। मतदान 11 मई को होगा और मतगणना 13 तारीख को होगी। डीएम ने सभी नामांकन और मतदान स्थलों पर पेयजल, छाया, बेरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, रैम्प और वाहन पार्किग आदि व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने बताया कि नगर पालिका परिषद बदायूं, ककराला और नगर पंचायत सखानूं, गुलड़िया एवं कुंवरगांव के चेयरमैन और सभासद पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया मण्डी समिति बदायूं के दक्षिणी शेड के ओर स्थित दुकानों में होगी। पोलिंग पार्टियों की रवानगी और वापसी के साथ मतगणना भी मण्डी समिति बदायूं में होगी। नगर पालिका परिषद उझानी व नगर पंचायत कछला के लिए नामांकन मण्डी समिति उझानी के गेट नम्बर चार के पास बनी नई दुकानों में होंगे। मतगणना भी मण्डी समिति उझानी में होगी।
नगर पालिका परिषद सहसवान व नगर पंचायत दहगवां के लिए तहसील सहसवान में नामांकन किया जाएगा। पोलिंग पार्टी रवानगी एवं वापसी और मतगणना राजकीय पॉलीटेक्निक सहसवान में होगी। नगर पालिका परिषद बिल्सी व नगर पंचायत रुदायन और इस्लामनगर के लिए नामांकन तहसील बिल्सी में होंगे। पोलिंग पार्टियों की रवानगी एवं वापसी और मतगणना मण्डी समिति बिल्सी में होगी। नगर पालिका परिषद बिसौली व नगर पंचायत वजीरगंज, सैदपुर, फैजगंज एवं मुड़िया के लिए नामांक प्रक्रिया तहसील बिसौली में होगी। मतगणना मण्डी समिति बिसौली में होगी।
नगर पालिका परिषद दातागंज एवं नगर पंचायत अलापुर, उसहैत व उसावां के लिए संतोष कुमार मेमोरियल इंटर कॉलेज गनगोला दातागंज में नामांकन होंगे। यहीं पोलिंग पार्टी की रवानगी एवं वापसी और मतगणना होगी। डीएम ने कहा कि कड़ी निगरानी में चुनाव को सकुशल, शान्तिपूर्वक, निष्पक्ष सम्पन्न कराया जाएगा।
ये भी पढे़ं- बदायूं: हर किसी की जुवां पर सवाल.. कौन होगा चेयरमैनी के टिकट का हकदार
