हल्द्वानीः परिवहन निगम संयुक्त मोर्चा करेगा 20 अप्रैल को प्रदेशव्यापी हड़ताल, देहरादून, हल्द्वानी व टनकपुर बस स्टेशनों पर होगा प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारी 20 अप्रैल को एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। हड़ताल में प्रदेशभर में परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर प्रदेशभर में बसों का संचालन ठप रहेगा। 

प्रांत संयोजक अशोक चौधरी ने बताया कि प्रबंध निदेशक को संयुक्त मोर्चा की ओर से भेजे गए हड़ताल संबंधी पत्र में देहरादून, हल्द्वानी व टनकपुर बस अड्डों पर सरकार के विरुद्ध धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी गई है। 

बीते 5 मार्च को देहरादून में संयुक्त मोर्चा की बैठक हुई थी और इससे पहले भी बीते 30 जनवरी को हुई समझौता वार्ता में सरकार ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों का हल निकालने का भरोसा दिया था। इसके बावजूद अब तक उन मांगों को लेकर आदेश जारी नहीं किए गए।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में संविदा व विशेष श्रेणी कर्मचारियों को हर माह एक वैतनिक अवकाश देने का आदेश जारी किया जाये, मृतक आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति दी जाए, अनाधिकृत संचालन व डग्गामार बसों पर कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग व परिवहन अधिकारियों की संयुक्त प्रवर्तन टीम बनाई जाए, परिवहन निगम से दून-दिल्ली मार्ग पर हटाई गई पांच इलेक्ट्रिक वॉल्वो बसों का संचालन आइएसबीटी के बाहर से किया जा रहा है जिस पर रोक लगाई जाए, शासनादेश के अनुरूप कर्मचारियों को सातवें वेतनमान के एरियर का भुगतान किया जाए, विभिन्न मार्गों पर डिपोवार अनुबंधित किए गए ढाबों का अनुबंध निरस्त कर एक मार्ग पर एक ही ढाबे से अनुबंध की व्यवस्था की जाए, कर्मचारियों के ईपीएफ से 12 प्रतिशत के अनुसार ही कटौती की जाए।

यह भी पढ़ें- हल्द्वानीः बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन ड्यूटी में नहीं पहुंचे 62 परीक्षक, कारण बताओ नोटिस जारी

संबंधित समाचार